मोहाली। जिले में हो रही बारिश से जहां मौसम ठंडा हो गया, वहीं कुछ इलाकों में जलभराव होने से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। इस दौरान खरड़-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित सरकारी स्मार्ट स्कूल देसूमाजरा में बारिश का पानी लबालब भर गया। इसके साथ ही वहां से गुजर रही ड्रेनेज लाइन की गंदगी भी ग्राउंड में ही भर रही है। जिससे पूरा दिन स्कूल स्टाफ दिक्कत उठाता रहा। इसके अलावा न्यू चंडीगढ़ में स्टेडियम की तरफ जाने वाली सड़क और नयागांव में पटियाला की राव में पानी का बहाव तेज रहा है। हालांकि किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह से ही तेज बारिश शुरू हो गई थी। ऐसे में चंडीगढ़ खरड़ हाईवे पर बनाए गए फ्लाईओवर के ऊपर भी जल निकासी न होने से लोगों को भारी दिक्कत आई। इसी तरह वहां पर देसूमाजरा स्थित स्मार्ट स्कूल में जलभराव की स्थिति बन गई और स्कूल के पूरे कैंपस में पानी भर गया। इससे भी लोगों में काफी रोष था। इस बारे में प्रिंस धालीवाल ने कहा कि यह इलाके का काफी पुराना स्कूल है। कुछ समय पहले ही स्कूल स्मार्ट स्कूल बना है। लेकिन अब इस तरह जलभराव होने से लोग दिक्कत में आ गए हैं। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में उचित कार्रवाई की गई। दूसरी तरफ मुल्लांपुर में स्टेडियम रोड पर बने कॉजवे से पानी ऊपर बहना शुरू हो गया था। जिससे कुछ समय तक आवाजाही रुकी रही, लोग दिक्कत उठाते रहे। इसके अलावा बारिश की वजह से सड़कें जवाब दे रही हैं। सड़कों में गड्ढे पड़ गए, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत आ रही है।