मातम में बदलीं होली की खुशियां : सॉरी नहीं बोला तो सीने में गोली मारकर युवक की हत्या, पिता बोला- मेरा सब कुछ बर्बाद हो गया
- नयागांव में होली का जश्न मना रहे थे युवक, पी रखी थी शराब
- पुराने मामले में माफी मांगने के लिए युवक पर बनाया था दबाव
- इनकार करने पर आरोपी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से मार दी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मोहाली जिले के मुल्लांपुर स्थित माजरा टी प्वाइंट पर सोमवार शाम होली की पार्टी में सॉरी न बोलने पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि उसका साथी बाजू में गोली लगने से घायल हो गया। मृतक युवक सतनाम सिंह (22) था। वह पेशे से चंडीगढ़ में ड्राइवर था। पुलिस ने मोरिंडा निवासी जगजीत सिंह की शिकायत पर होशियारपुर निवासी सुखबीर उर्फ बिल्ला व जगरूप सिंह जग्गी, प्रिंस, शीला व बिंदी समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, माजरा टी प्वाइंट से करीब सौ मीटर दूर पल्लनपुर जाने वाली लिंक रोड पर कुछ युवक होली की पार्टी कर रहे थे। युवक शराब के नशे में थे। इसी बीच किसी पुराने मामले को लेकर उनमें बहस शुरू हो गई। आरोपी सुखबीर ने सतनाम सिंह से पुराने मामले में सॉरी बोलने को कहा। सतनाम ने कहा कि वह पहले ही माफी मांग चुका है, अब क्यों मांगे। इससे गुस्साए सुखबीर और उसके दोस्तों ने डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान सुखबीर ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोलियां चला दीं।
एक गोली सतनाम के सीने में लगी, वह वहीं गिर गया जबकि दूसरी गोली उसके साथी की बाजू में लगी। इसी बीच वहां लोग जमा हुए तो आरोपी साथियों समेत जिप्सी में बैठकर फरार हो गया। सतनाम सिंह को पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पता चला है कि आरोपी सुखबीर व जगरूप सिंह भी घायल हुए हैं। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घेरकर किया हमला, छह गोलियां चलाईं
सतनाम के भाई हरजोत सिंह व अन्य ने बताया कि वे सब इकट्ठे होली मनाकर आ रहे थे। इस दौरान सुखबीर जिप्सी में अपने साथियों सहित आया और उन्हें घेर लिया। उसने छह गोलियां चलाईं। एक गोली सीधे सतनाम सिंह के सीने में लगी। वह जमीन पर गिर गया। तरलोचन सिंह ने बताया कि सतनाम उनका भतीजा था जबकि घायल युवक भांजा। उन्होंने बताया कि सतनाम पढ़ाई करता था। इसका खर्च निकालने के लिए वह ड्राइवरी कर रहा था। दूसरी ओर, पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी सुखबीर सिंह पर पहले कोई आपराधिक मामला तो दर्ज नहीं है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
पिता बोला- मेरा सब कुछ बर्बाद हो गया
सतनाम के पिता इस गम से बेहाल दिखे। उन्होंने कहा कि उनकी तो दुनिया ही बर्बाद हो गई। सारे सपने मिट्टी में मिल गए। वह अकेला परिवार का सहारा था। पिता ने रोते हुए कहा कि उसे तो गोलीबारी की बात पता चली थी, पीजीआई पहुंचे तो वहां बेटे का शव पड़ा था।