{"_id":"697229b0b3aaed4ed80cd20f","slug":"akali-leader-parvinder-singh-sohana-receives-death-threats-ransom-of-rs-5-crore-demanded-2026-01-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"शिअद नेता को मिली धमकी: 5 करोड़ मांगे, गैंगस्टर ने कॉल कर भेजे वॉइस मैसेज; कहा- परिवार को भी जान से मार देंगे","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
शिअद नेता को मिली धमकी: 5 करोड़ मांगे, गैंगस्टर ने कॉल कर भेजे वॉइस मैसेज; कहा- परिवार को भी जान से मार देंगे
Thu, 22 Jan 2026 07:14 PM IST
अंकेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, मोहाली (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, मोहाली (पंजाब)
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Thu, 22 Jan 2026 07:14 PM IST
सार
पंजाब पुलिस एक तरफ गैंगस्टरों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चला रही है। वहीं दूसरी तरफ नेताओं को गैंगस्टरों से धमकियां भी मिल रही हैं। ताजा मामला मोहाली का है। शिअद नेता परविंदर सिंह सोहाना को जान से मारने की धमकी मिली है।
विज्ञापन
शिअद नेता को मिली धमकी।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी मोहाली के गांव सोहाना निवासी व शिअद के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह सोहाना को मिली है। साथ ही परविंदर सोहाना से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी गई है। परविंदर सिंह सोहाना को गैंगस्टर पवन शौकीन के नाम से धमकियां मिली हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गैंगस्टर पवन शौकीन और अन्य अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्हें बीते कुछ समय से लगातार अंतरराष्ट्रीय और अज्ञात नंबरों से धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सएप कॉल आ रहे थे। 3 जनवरी को उन्हें व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर पवन शौकीन बताया और कहा कि 5 करोड़ रुपये चाहिए। रकम न देने पर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 6 जनवरी को अन्य विदेशी नंबर से वॉइस मैसेज भेजकर धमकियां दी गईं।
विज्ञापन
परविंदर सिंह सोहाना ने पुलिस को बताया कि वे लंबे समय से सक्रिय राजनीति और सामाजिक जीवन से जुड़े हैं। वह गांव सोहाना के सरपंच, जिला परिषद सदस्य, नगर निगम मोहाली के पार्षद और लेबरफेड पंजाब के मानद मैनेजिंग डायरेक्टर रह चुके हैं। वर्तमान में वे शिअद जिला मोहाली के अध्यक्ष हैं और 2022 में मोहाली विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
विज्ञापन
परविंदर सिंह सोहाना ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने पुलिस और उच्च अधिकारियों को कई बार शिकायत दी, लेकिन न तो कोई एफआईआर दर्ज हुई और न ही उन्हें कोई सुरक्षा प्रदान की गई। उन्होंने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग और पेन ड्राइव भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद थाना सोहाना में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और धमकी देने वालों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।