मोहाली/खरड़। खरड़ में स्काईलार्क कंपनी के मालिक के विदेश जाने के बाद उसके केयरटेकर बुआ के बेटे ने जाली कागजात तैयार कर 11 दुकानें, दो एससीओ और एक 300 गज का प्लॉट, 1900 वर्ग गज के 13 प्लॉट बेच डाले। इन सबकी कीमत करीब 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में थाना सिटी खरड़ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों अमरीक सिंह, सुखदीप कौर, सुखदीप सिंह, जसप्रीत कौर सभी निवासी गांव शेरगढ़ बाड़ा और कंपनी के कर्मचारी संदीप सिंह निवासी ख्वासपुरा जिला रोपड़ पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबकि पुलिस ने दो आरोपियों अमरीक सिंह और सुखदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया है। इनको पुलिस ने अदालत में पेश करके एक दिन का रिमांड ले लिया है।
शिकायतकर्ता एनआरआई गुरमुख सिंह निवासी गांव अंधहेड़ी ने बताया कि कंपनी के डायरेक्टर (उसकी बुआ का बेटा) अमरीक सिंह और उसकी पत्नी सुखदीप कौर और कर्मचारी संदीप ने मिलकर उनकी दुकानों के जाली कागजात और ऑथराइजेशन लेटर तैयार करके उस पर गलत खसरा नंबर डालकर जसप्रीत कौर के नाम इनकी रजिस्ट्री करवा दी है। इसके बाद जसप्रीत कौर ने अपने पति सुखदीप सिंह के साथ योजनाबद्ध तरीके से इन दुकानों पर बैंक से कर्ज ले लिया था। उन्होंने बताया कि इस ठगी के बारे में उन्हें पता तब पता चला जब वे अपने इस दफ्तर में बैठे थे और किस्तें नहीं भरने के कारण बैंक कर्मचारी इन्हें सील करने आए थे। इस बात का पता चलने के बाद उन्होंने इस मामले में एसएसपी कार्यालय में शिकायतें दीं और अब आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।