मोहाली। मतदान शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो, किसी भी प्रकार की कोई कमी न आए, इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय पूरी प्लानिंग से जुटा हुआ है। मतदान के प्रबंधों संबंधी पूरा प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत विभाग ने 20 फीसदी स्टाफ को रिजर्व रखने का फैसला लिया है। इसका प्रयोग इमरजेंसी में किया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी गुरप्रीत कौर सपरा ने दी। वह जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में रानजीतिक पार्टियों के नुमाइंदों की मौजूदगी में पोलिंग स्टाफ की दूसरी रेंडमाइजेशन में शामिल हुईं। डीसी ने चुनाव ड्यूटी पर लगाए स्टाफ को हिदायत दी कि वह ड्यूटी पूरे समर्पण भाव के साथ करें। पोलिंग स्टाफ में से कोई ड्यूटी में कोताही करता है तो उसके खिलाफ प्रतिनिधिता एक्ट की धारा-32 के तहत कार्रवाई होगी। इसमें जुर्माने के साथ सजा का प्रावधान भी है। उन्होंने कहा कि चुनावी आचार संहिता के पालन को यकीनी बनाया जाए। साथ ही चुनावी आचार संहिता के तोड़ने को प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने पोलिंग स्टाफ को बताया कि 18 मई को तीसरी रेंडमाइजेशन करवाई जाएगी। इस मौके पर सहायक कमिश्नर(ज) यशपाल शार्म, तहसीलदार चुनाव संजय कुमार, भाजपा के जिला कैशियर जोगिंदर सिंह कंवर, आप के जिला सचिव बहादर सिंह, बसपा के जिला सचिव सुखदेव सिंह, शिरोमणि अकाली दल के हरसंगत सिंह व कांग्रेस के राजवीर सिंह हाजिर थे।