{"_id":"68f9b41b94057b29d4020dc1","slug":"police-martyrdom-day-celebrated-at-khanna-police-line-2025-10-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Khanna: खन्ना पुलिस लाइन में मनाया गया पुलिस शहीदी दिवस, शहीद परिवारों को बांटे गए कंबल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Khanna: खन्ना पुलिस लाइन में मनाया गया पुलिस शहीदी दिवस, शहीद परिवारों को बांटे गए कंबल
Thu, 23 Oct 2025 10:22 AM IST
निवेदिता वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी, खन्ना (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, खन्ना (पंजाब)
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Thu, 23 Oct 2025 10:22 AM IST
सार
एसएसपी यादव ने बताया कि पुलिस शहीदी दिवस हर साल की तरह 21 अक्तूबर को देशभर में मनाया जाता है। यह दिन 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स इलाके में चीन की सेना के हमले में शहीद हुए जवानों की याद में समर्पित है।
विज्ञापन
शहीद परिवारों को कंबल वितरित करती एसएसपी खन्ना व एसपी (डी) पवन जीत
- फोटो : संवाद
विस्तार
खन्ना में बनी पुलिस लाइन में पुलिस शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। एसएसपी खन्ना डॉ. ज्योति यादव बैंस व एसपी (डी) पवनजीत ने पुलिस फोर्स के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर एसएसपी खन्ना ने कहा कि हमारे वीर शहीदों की बदौलत ही आज देश में शांति, भाईचारा और अमन कायम है।
विज्ञापन
उन्होंने जोर दिया कि शहीदों की कुर्बानियां कभी भुलाई नहीं जा सकतीं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है, हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। एसएसपी ने उन ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया जो देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करती हैं।
विज्ञापन
एसएसपी यादव ने बताया कि पुलिस शहीदी दिवस हर साल की तरह आज के ही दिन 21 अक्तूबर को देशभर में मनाया जाता है। यह दिन 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स इलाके में चीन की सेना के हमले में शहीद हुए जवानों की याद में समर्पित है। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस आतंकवाद के कठिन दौर में बड़ी बहादुरी से लड़ी और खन्ना पुलिस जिले के 37 पुलिस कर्मियों ने आतंकवाद से लड़ते हुए शहादत दी। जिन्हें कभी भी भुलाया नहीं जा सकता।
विज्ञापन
इस मौके पर डीएसपी खन्ना विनोद कुमार की अगुवाई में पुलिस टुकड़ी ने परेड के जरिए शहीदों को सलामी दी। दो मिनट का मौन रखकर सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। डीएसपी (एनडीपीएस) करमजीत सिंह ग्रेवाल ने पिछले एक वर्ष के दौरान देशभर में शहीद हुए पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों के नाम पढ़कर सुनाए।
कार्यक्रम के दौरान एडिशनल डिप्टी कमिश्नर शिखा भगत, एसडीएम डॉ. बलजिंदर सिंह ढिल्लों, एसपी तरुण रतन, एसपी पुरुषोत्तम सिंह बल, डीएसपी समराला तरलोचन सिंह और डीएसपी पायल जसविंदर सिंह सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। एसएसपी व अन्य अधिकारियों ने शहीद परिवारों को कंबल वितरित किए। उन्होंने उनकी शिकायतें भी सुनीं और पुलिस विभाग की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया।