{"_id":"6ab74a062847fe80b0026e24","slug":"pandit-dhirendra-shastri-arrives-in-ludhiana-hanumant-katha-begins-today-2026-09-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"लुधियाना पहुंचे पंडित धीरेंद्र शास्त्री: जय श्रीराम के नारों के साथ जोरदार स्वागत, आज से हनुमंत कथा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लुधियाना पहुंचे पंडित धीरेंद्र शास्त्री: जय श्रीराम के नारों के साथ जोरदार स्वागत, आज से हनुमंत कथा
Sat, 26 Sep 2026 10:00 AM IST
Nivedita
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना
Published by: Nivedita
Updated Sat, 26 Sep 2026 10:00 AM IST
सार
मंगलम वेलफेयर एंड चेरिटेबल सोसायटी की ओर से 26 से 30 सितंबर तक पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का आयोजन चंडीगढ़ रोड स्थित वर्धमान मिल के सामने ग्लाडा ग्राउंड में होगा। यहां करीब एक लाख वर्ग फीट में विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जबकि हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
लुधियाना पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री
- फोटो : संवाद
विस्तार
लुधियाना में पहली बार होने जा रही पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा को लेकर शहर में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार देर रात लुधियाना पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही शहर में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला।
विज्ञापन
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर आने वाले चार्टर्ड विमान को हलवारा एयरपोर्ट पर लैंडिंग की क्लियरेंस नहीं मिल सकी। इसके चलते विमान को हलवारा के बजाय चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उतारा गया। इसके बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री सड़क मार्ग से लुधियाना पहुंचे। उनके लुधियाना पहुंचने से पहले समराला टोल प्लाजा पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
विज्ञापन
लुधियाना पहुंचने के बाद पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कैलाश नगर रोड स्थित अपने निवास की छत पर बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं को दर्शन दिए और आशीर्वाद दिया।
विज्ञापन
उनके दर्शन के लिए श्रद्धालु देर रात तक उत्साह के साथ डटे रहे। इस दौरान माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम तथा हनुमान जी के जयकारे लगाए।
आयोजन को लेकर समिति की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए आयोजन स्थल पर प्रवेश, बैठने, पार्किंग, सुरक्षा और यातायात समेत विभिन्न व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम को सुचारु ढंग से संपन्न करवाने के लिए अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
लुधियाना में पहली बार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से हनुमंत कथा का आयोजन होने जा रहा है। पांच दिनों तक श्रद्धालुओं को भगवान श्री हनुमान जी की भक्ति से जुड़े प्रसंग सुनने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर पंजाब के विभिन्न जिलों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
योजन समिति के मुताबिक कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा, संस्कार और भगवान श्रीराम-हनुमान के समर्पण से जुड़े आध्यात्मिक संदेश सुनने को मिलेंगे। समिति की ओर से लुधियाना सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होने की अपील की गई है।