{"_id":"6360a70092c0b3741f59c81c","slug":"gas-leak-in-oxygen-manufacturing-factory-in-gyaspura-of-ludhiana","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ludhiana: ग्यासपुरा में ऑक्सीजन बनाने वाली फैक्टरी में गैस रिसाव, पुलिस ने खाली करवाया पूरा इलाका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ludhiana: ग्यासपुरा में ऑक्सीजन बनाने वाली फैक्टरी में गैस रिसाव, पुलिस ने खाली करवाया पूरा इलाका
Tue, 01 Nov 2022 11:28 AM IST
निवेदिता वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Tue, 01 Nov 2022 11:28 AM IST
सार
ग्यासपुरा इलाके में वेल्टेक इंडस्ट्री में ऑक्सीजन तैयार की जाती है। मंगलवार की सुबह CO2 गैस का टैंकर आया था। अचानक से गैस रिसाव होने लगी और वहां भगदड़ मच गई। जिसके बाद फैक्टरी को खाली करवा दिया गया।
विज्ञापन
लुधियाना में गैस रिसाव
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विस्तार
लुधियाना के ग्यासपुरा रोड पर मंगलवार सुबह उस समय भगदड़ मच गई, जब इलाके में स्थित वेलसेट कंपनी में कार्बन डाईऑक्साइड गैस स्टोरेज करते समय टेंकर का वॉल्व लीक हो गया। इससे गैस का रिसाव होने लगा और ड्राइवर ट्रक छोड़ कर भाग गया। गैस का रिसाव इतना ज्यादा था कि आस-पास के इलाके में हल्का अंधेरा हो गया। गैस चढ़ने की वजह से पड़ोसी फैक्टरी के पांच मजदूर बेहोश हो गए।
विज्ञापन
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तभ शर्मा के साथ साथ प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंच गए। सेहत विभाग की टीमों के साथ-साथ फायर ब्रिगेड की टीमें और एनडीआरएफ की टीम भी लाडोवाल से ग्यासपुरा में कुछ ही समय में पहुंच गई। फैक्टरी के वर्कर ने होशियारी दिखाते हुए मुंह पर गीला कपड़ा बांधा और तुरंत वॉल्व को बंद कर बड़ा हादसा होने से बचा लिया। इसी दौरान वेलटेक कंपनी के मुलाजिमों ने वहां खड़े आक्सीजन के टेंकर को खोल दिया ताकि आस-पास के एरिया से गुजरने वाले लोगों को सांस लेने में किसी तरह की कोई तकलीफ न हो। प्रशासनिक अधिकारियों ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
वेल्टेक कंपनी के मालिक गगनदीप सिंह ने बताया कि उनके प्लांट में आक्सीजन तैयार की जाती है। फैक्टरी में सुबह पांच लोग मौजूद थे। इसी दौरान तरनतारन के प्लांट से कार्बन डाईऑक्साइड का एक टेंकर आया था। सीओ टू गैस को स्टोरेज करने के लिए ट्रक चालक ने टेंकर बैक कर लगाया और पाइप जोड़ कर स्टोरेज के लिए वॉल्व खोल दिया। वॉल्व लीक कर गया। एक दम से गैस का रिसाव ज्यादा हो गया तो ड्राइवर घबरा गया और वहां से भाग गया। उसके साथ खड़े चार मुलाजिम भी बाहर फोरमैन को बुलाने के लिए भाग गए। फोरमैन दिनेश चंद्र तुरंत अंदर की तरफ आया तो अंदर गैस की वजह से अंधेरा था। उसने पास में रखा कपड़ा उठा कर उसे गीला किया और मुंह पर लपेट लिया ताकि गैस न चढ़े। इसके बाद दिनेश चंद्र ने तुरंत टेंकर का वॉल्व बंद किया और दूसरी तरफ खड़े कंपनी के आक्सीजन टेंकर से गैस रिलीव कर दी ताकि आस-पास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत न आए।
विज्ञापन
टेंकर बंद करने के बाद प्रशासन को दी जानकारी
दिनेश चंद्र ने अपनी जान को जोखिम में डाल कर टेंकर बंद कर आक्सीजन वाला टेंकर का वॉल्व खोल कर गैस रिलीव कर दी। उसके बाद भी उसने इसकी जानकारी मालिकों को न देकर प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर, इलाका विधायक और एडीसी राहुल चाबा वहां पहुंच गए। इसी दौरान प्रशासन की तरफ से एनडीआरएफ की टीम को भी सूचित कर दिया गया। वह भी लाडोवाल से तुरंत ग्यासपुरा पहुंच गई।
पुलिस ने सबसे पहले पूरा इलाका सील किया और वहां से वाहनों की आवाजाही बंद करवा दी ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने गैस के ऊपर पानी डाला ताकि गैस की वजह से जो अंधेरा छाया वो कम हो सके। उसके बाद सेहत विभाग की टीम को भी पुलिस और जिला प्रशासन ने बुलाया। इसी दौरान पता चला कि पास वाली फैक्टरी गौरव निटवेयर में पांच मुलाजिम बेसुध होकर गिरे पड़े हैं। सेहत विभाग की टीमें पांचों को अस्पताल लेकर पहुंची। एडीसीपी राहुल चाबा ने कहा कि जांच के आदेश जारी कर दिए गए है कि गैस रिसाव कैसे हुआ था और उसके बाद रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेज दी जाएगी।
आप विधायक ने किया घटनास्थल का दौरा
घटना की जानकारी मिलते ही हलका साउथ की आप विधायक राजिंदरपाल कौर छीना वेल्सेट कंपनी के प्लांट में पहुंची। वहां उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और प्लांट मालिकों से सारी जानकारी ले अधिकारियों के साथ भी बातचीत की। इसके बाद उन्होंने फैक्टरी में मुलाजिमों से बात कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद सिविल अस्पताल में दाखिल गौरव निटवेयर में काम करने वाले दिनेश, एमडी सज्यान, कुंदन कुमार सन्नी और दाहोर राय का हाल जाना।
आप विधायक ने सिविल अस्पताल के डॉक्टरों से भी बातचीत की और सारी रिपोर्ट ली। जिसमें डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि पांचों की हालत खतरे से बाहर है। सांस लेने में तकलीफ उन्हें जरूर हुई थी। लेकिन वह अब ठीक है। आप विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने भी कहा कि मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए गए है और जांच के बाद प्रशासनिक अधिकारियों से बात की जाएगी।
पीड़ितों ने सुनाआई आपबीती, हो रही थी सांस लेने में दिक्कत
सिविल अस्पताल में दाखिल पांचों घायलों ने बताया कि वह काम करते-करते बाहर की तरफ आए ही थे कि अचानक से गला सूखने लगा और ऐसा लग रहा था कि सांस आनी बंद हो जाएगी। वह सांस लेने की कोशिश करते रहे, लेकिन जब तक खुद को संभालते वह गिर गए थे। उनके साथी उन्हें देख बाहर आए और इतने में बाहर एंबुलेंस पहुंच चुकी थी और उन्हें अस्पतताल ले जाया गया।
कोरोना काल में वेलटेक कंपनी ने किया था काफी अच्छा काम
वेलटेक कंपनी कोरोना काल में सामने आई थी। कंपनी के मालिक गगनदीप सिंह ने बताया कि तीन पीढ़ियां उनकी ऑक्सीजन बनाने का ही काम करती आ रही है। ड्राइवर ने गलती से ड्रेनेज वॉल्व खोल दिया। तेजी से खोलने के कारण वह लीक कर गया। उनके वर्करों को पूरी तरह से जानकारी थी तो वह समय पर बंद करने में कामयाब रहे और आक्सीजन छोड़ी। जिस कारण यह बड़ा हादसा होने से बच गया। वेलटेक कंपनी ने कोरोना काल में काफी अच्छा काम किया था। जिस समय महानगर के साथ-साथ पंजाब के कई शहरों में ऑक्सीजन की कमी आई थी तो वेलटेक कंपनी की तरफ से ही दिन रात मेहनत करने के बाद प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ टीम वर्क कर शहर के कई प्रमुख अस्पतालों के साथ साथ आम लोगों को भी आक्सीजन उपलब्ध करवाई थी। जिससे कई लोगों की समय पर जान बचाई गई।