बाइक पर जाली नंबर लगा पिस्तौल के साथ घूमता गैंगस्टर दीपा गिरफ्तार
बाइक पर जाली नंबर लगा अवैध पिस्तौल लेकर घूमते हुए गैंगस्टर दीपा ढंढारी को जिला पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर धांधरा रोड से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल, 12 कारतूस, जाली नंबर लगी बाइक और जाली आरसी बरामद की है। इस मामले में थाना डिविजन पांच पुलिस में ढंढारी कलां में रहने वाले गुरदीप सिंह उर्फ दीपा ढंढारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी खतरनाक गैंगस्टर है और बाइक पर जाली नंबर लगाकर अवैध पिस्तौल लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया।
पुलिस ने कागजात की मांग की मगर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ पर कब्जे से पुलिस ने जाली आरसी भी बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी पिस्तौल कहां से लाया अभी तो कुछ पता नहीं चल पाया है लेकिन आरोपी की मंशा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी दीपा ढंढारी पर महानगर के विभिन्न थानों में 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें मारपीट, लूटपाट चोरी और अन्य अपराध शामिल है। पुलिस को पिछले काफी समय से आरोपी दीपा ढंढारी की तलाश थी लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो जाता था।
पुलिस की तलाश उस समय खत्म हो गई जब धांधरा रोड पर आरोपी को सूचना के आधार पर काबू किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ गिरोह में कौन-कौन शामिल है और वह पिस्तौल किस व्यक्ति से लाया है और किस बड़ी वारदात को अंजाम देना था।