लुधियाना में खौफनाक वारदात, हथौड़े से पत्नी व बेटी की हत्या की, नहर किनारे पहुंच भतीजे को फोन कर कहा...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के लुधियाना के शेरपुर कलां इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने हथोड़े से वार कर पत्नी और बेटी को मौत के घाट उतार दिया। दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी घर में बाहर से ताला लगाकर चाबी वहीं रख गया और स्कूटर लेकर खुद दोराहा नहर के किनारे पहुंच गया।
वहां से उसने अपने भतीजे को आत्महत्या करने की सूचना दी और घर पर की गई वारदात के बारे में बताया। पुलिस ने दोराहा नहर किनारे प्यारा सिंह का स्कूटर और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आशंका है कि प्यारा सिंह नहर में कूद गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। थाना मोती नगर की पुलिस ने प्यारा सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर लिया है।
प्यारा सिंह के भतीजे गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उसके चाचा के एक ही बेटी राजवीर थी। वह एक फैक्टरी में पिछले काफी समय से नौकरी कर रहा था। कुछ दिन से प्यारा सिंह किसी बात को लेकर परेशान था लेकिन इस बारे में उसने किसी को नहीं बताया। शुक्रवार को सुबह उसने अपनी पत्नी स्वर्णजीत कौर और बेटी राजदीप कौर पर हथोड़े से वार कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। उसके बाद वह दोनों को वहीं छोड़कर खुद स्कूटर लेकर चला गया। जाते-जाते ताला लगाकर चाबी बाहर लगी पाइप के पास रख गया।
नहर के पास पहुंच गुरप्रीत को किया था फोन
गुरप्रीत ने बताया कि नहर के पास पहुंचकर चाचा प्यारा सिंह ने उसे फोन किया कि सब कुछ खत्म हो गया है और वह आत्महत्या कर रहा है। गुरप्रीत ने चाचा को समझाने और खुद वहां आने की बात भी की लेकिन प्यारा सिंह ने बताया कि घर में ताला लगा है और चाबी पाइप के पास पड़ी है। वह चाची और बहन को देख ले। उसने इलाके के लोगों को इकट्ठा किया और ताला खोला।
अंदर स्वर्णजीत कौर मृत पड़ी थी। इलाके के डॉक्टर ने राजदीप कौर के सांस चलने की बात की तो उसे फोर्टिस अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस की टीम दोराहा नहर के पास पहुंची। जहां गुरप्रीत का स्कूटर पड़ा था और स्कूटर पर ही मोबाइल फोन था। आशंका है कि प्यारा सिंह नहर में कूद गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
थाना मोती नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि प्यारा सिंह का पता नहीं चल पाया है। उसकी बेटी की भी फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। आशंका है कि प्यारा सिंह नहर में कूदा है। अब गोताखोरों के जरिये प्यारा सिंह का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस ने प्यारा सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर लिया है।