श्री कीरतपुर साहिब। पंजाब के मशहूर गायक राजवीर जवंदा की अस्थियां श्री कीरतपुर साहिब स्थित गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब के पास बने आस्त घाट से सतलुज नदी में जल प्रवाहित की गईं। अस्थि विसर्जन के समय उनके परिवार के सदस्य माता, बेटा और बेटी सहित हजारों समर्थक मौजूद थे जो काफिला बनाकर उनके पैतृक गांव से श्री कीरतपुर साहिब पहुंचे। इस दुखद मौके पर श्री आनंदपुर साहिब के पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदू माजरा, एसजीपीसी सदस्य भाई अमरजीत सिंह चावला भी उपस्थित थे। हजारों नम आंखों से लोगों ने राजवीर जवंदा को अंतिम विदाई दी। अस्थियां जल प्रवाहित करने से पहले परिवार और समर्थकों ने अरदास की जिसके बाद जल प्रवाह की प्रक्रिया पूरी की गई। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों और राजनीतिक हस्तियों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कुछ दिन पहले बद्दी (हिमाचल प्रदेश) के पास एक हादसे में राजवीर जवंदा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जाता है कि उनकी गाड़ी के सामने अचानक एक आवारा पशु आ गया जिससे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सिर में गंभीर चोटें लगने के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। लाखों प्रशंसकों की दुआओं और अरदासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उन्होंने कम उम्र में ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अस्थि विसर्जन के समय हजारों समर्थकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। पूरा माहौल गमगीन था। संवाद