बिजली का मीटर खराब है: दरवाजा खोलने पर की महिला की हत्या, बेटे को मारी गोली, दो घंटे में खुला बड़ा राज
जालंधर देहात के थाना मेहतपुर के गांव उधोवाल में बाइक पर सवार होकर एक युवक महिला को कहा कि तुम्हारा मीटर खराब है, चेक करना है। जब महिला ने मीटर सही होने की बात कही तो उक्त हमलावर जबरदस्ती घर में घुस गया और पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
विस्तार
जालंधर देहात के थाना मेहतपुर के गांव उधोवाल में मंगलवार सुबह 6:15 से 6:30 बजे के बीच घर में जबरन घुसे युवक ने फायरिंग कर दी। इसमें महिला की मौत हो गई और नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाना मेहतपुर के प्रभारी वरिंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को सुबह करीब 6:15 बजे गांव उधोवाल में गुरबख्श कौर (50), बेटा दीपक (17) और 19 वर्षीय बेटी के साथ घर पर थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक युवक आया और घर का दरवाजा खटखटाया। जब उसने दरवाजा खोला तो युवक ने कहा कि तुम्हारा मीटर खराब है चेक करना है। जब गुरबख्श ने मीटर सही होने की बात कही तो हमलावर जबरन घर में घुस गया और पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गुरबख्श कौर की पीठ और दो हाथों में लगी जबकि दीपक के दोनों कंधों में गोली लगने से वह गिर पड़ा।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घर के बाहर जुट गए और जब अंदर गए तो गुरबख्श कौर और दीपक खून से लथपथ पड़े थे। वहीं दूसरे कमरे में सो रही 19 वर्षीय बेटी डरी सहमी कमरे से बाहर ही नहीं निकली। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने गुरबख्श को मृत घोषित कर दिया। हमले में घायल दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, पुलिस ने दो घंटे में मामले को सुलझा लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास वारदात में प्रयुक्त पिस्टल, पांच खोखे और 20 कारतूस मिले हैं। जालंधर के एसएसपी मुखविंदर सिंह ने बताया कि कत्ल की सूचना के बाद पुलिस और सीआईए स्टाफ की टीमें बनाकर जांच शुरू की गई तो पता चला कि गांव के ही रवि कुमार उर्फ रवि ने घर में घुसकर गुरबख्श कौर और दीपक को गोली मारी है।
अस्पताल में उपचाराधीन दीपक के बयान पर 302 समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की। घायल दीपक ने पुलिस को बताया कि रवि कुमार उसकी बहन को स्कूल आते-जाते परेशान करता था। जब उसने देखा तो रवि को कई बार समझाया लेकिन वह नहीं माना और मंगलवार को उसके घर में घुसकर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया है।