पंजाब : जालंधर में धुंध में 12 वाहन आपस में टकराए, दो की जान गई, चार घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्लौर स्थित खैरा गांव के पास गुरुवार सुबह धुंध के कारण हाईवे पर कार और टाटा ऐस की टक्कर के बाद करीब 12 वाहन एक-दूसरे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को एक तरफ करवाया। वहीं पठानकोट हाईवे पर भी धुंध के कारण हुए हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई।
थाना फिल्लौर के प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कपूर ने बताया कि हाईवे पर एक टिप्पर आगे जा रहे दो टिप्परों से टकरा गया। इसके बाद एक टाटा ऐस आगे जा रही कार से टकरा गया। फिर एक के बाद एक करीब 12 वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। कुछ वाहन डिवाइडर पर चढ़कर उसमें फंस गए। धुंध की वजह से वह आगे खड़े वाहन देख नहीं पाए।
हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। सीएमसी लुधियाना के मेडिकल स्टूडेंट खुशविंदर राज ने बताया कि वह पेपर देने जा रहा था कि रास्ते में उसकी कार से टाटा ऐस की टक्कर हो गई थी।
वहीं पठानकोट रोड पर गुरुवार सुबह सराभा नगर के पास घनी धुंध में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपाल पुत्र चमन लाल निवासी गांव चुग्गीटी के रूप में हुई है।
थाना डिवीजन नंबर आठ के एएसआई तरलोचन सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पठानकोट हाईवे पर सराभा नगर के पास हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और शव सड़क पर पड़ा है। जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो शव के ऊपर से कई वाहन निकल चुके थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरनाला में कोहरे के कारण दो बाइक टकराई, एक की मौत
उधर, बरनाला-हंडियाया रोड पर भी गुरुवार सुबह कोहरे के कारण दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पटियाला रेफर कर दिया गया है। मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी हंडियाया और घायल की पहचान जसप्रीत सिंह निवासी धौला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सुखविंदर सिंह मोटरसाइकिल से बरनाला जा रहा था। गुरुद्वारा प्रगटसर के पास एक अन्य मोटरसाइकिल सवार जसप्रीत से उसकी बाइक टकरा गई। इससे सुखविंदर सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।