पठानकोट में भाजपा का प्रदर्शन, प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा- झूठ बोल रहे हैं सुखबीर बादल
भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शर्मा की अध्यक्षता में सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर पठानकोट के न्यू ट्रस्ट मार्केट वाल्मीकि चौक में मौन धरना दिया गया। इस दौरान पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पर जमकर बरसे। शर्मा ने कहा कि अकाली नेताओं ने गठबंधन तोड़ने के जो कारण बताए वो झूठ हैं। उन्हें झूठ नहीं बोलना चाहिए।
कानून संबंधी एक-एक जानकारी दी। हाईकमान से बात करवाई। सुखबीर बादल के कहने पर चिट्ठी मंगवाई। एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) और सरकारी खरीद जारी रहेगी, यह लिखित में मांगा था। भाजपा ने सारी मांगें पूरी की। इसके बाद सुखबीर बादल ने बिना बताए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।
हरसिमरत ने भी इस कानून को बढ़िया बताया लेकिन उनकी कोई राजनीतिक मजबूरी रही होगी जो उन्होंने अलग रास्ता चुना। भाजपा ने गठबंधन का पूरा धर्म निभाया। लेकिन अलग होने का रास्ता शिअद ने खुद चुना, अब उनका रास्ता उन्हें मुबारक। अब हम पंजाब में सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। फैसला अब मैदान में होगा।
वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि मौजूदा पंजाब सरकार शुरू से ही जनविरोधी रही है। सत्ता संभालने से अब तक बदले की भावना से कार्य कर रही है। हमारे सीएम कैप्टन तो हैं पर अपनी जिम्मेदारी भूल चुके हैं। किसानों को गुमराह कर उनकी आड़ में पंजाब का माहौल खराब करने और भाईचारे को भंग करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस ने भाजपा के लुधियाना और अमृतसर दफ्तरों में घुसने की कोशिश की। मुक्तसर में गुंडागर्दी की गई। शर्मा ने कहा कि सीएम कैप्टन पहले किसानों का कर्ज माफ करें। फिर किसानों की बात करें।
एक पक्षीय बात से हल नहीं होते मसले
भाजपा पंजाब प्रधान ने किसानों से अपील की है कि वह संघर्ष करें पर हमारी बात भी सुनें। एक पक्षीय बात से मसले हल नहीं होते। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस या आम आदमी पार्टी की राजनीतिक चाल में न फंसें। उन्होंने कहा कि पंजाब का किसान भोला-भाला है। 50 फीसदी से अधिक किसान ऐसे हैं जिन्हें कानून के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। तीनों कानून किसानों के हितैषी हैं। पंजाब में भाजपा ने आठ सदस्यीय कमेटी बनाई है। अगर किसी किसान को शंका है तो उसे वह खुद दिल्ली लेकर जाएंगे।
लुधियाना: भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर के बाहर दिया धरना
भाजपा कार्यालय में धुसकर हंगामा करने के विरोध में शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर के बाहर रोष जताया। हालांकि भाजपा नेताओं के कांग्रेस दफ्तर पहुंचने की खबर पहले से पुलिस को लग गई। पुलिस ने कांग्रेस दफ्तर की तरफ जाने वाली गली के बाहर ही बैरिकेडिंग कर दी।
पुलिस के पहरे के कारण भाजपा नेताओं ने मेन रोड पर बैठकर नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा नेताओं की कई बार पुलिस के साथ झड़प भी हुई। भाजपा नेताओं ने कैप्टन सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कैप्टन की तस्वीर पर कालिख पोत दी।
भाजपा के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंगल ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में शराब, रेत माफिया, लूटपाट, हत्या और दुष्कर्म जैसे अपराध बढ़े हैं। पंजाब में कानून-व्यवस्था ठप हो गई है, क्योंकि प्रशासनिक अधिकारी नेताओं के आसपास घूम रहे हैं। अब कांग्रेस नाकामियों को छिपाने के लिए विरोधी पार्टी के कार्यकर्ताओं को डराने की रणनीति पर काम कर रही है।
एक ही समय पर लुधियाना और अमृतसर भाजपा कार्यालयों पर कांग्रेसियों का हमला दर्शाता है कि सब कुछ पहले से ही निश्चित था। उन्होंने कहा कि भाजपा का नेता न दबने वाला है और न डरने वाला है। कोई भी सरकार या पार्टी भाजपा को कमजोर समझने की गलतफहमी में न रहे।
जालंधर में भाजपा महिला मोर्चा ने मौन प्रदर्शन किया
लुधियाना में स्थित भाजपा कार्यालय में कांग्रेसियों के घुसने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस को काले दिवस के रूप मे मनाते हुए कंपनी बाग में मौन प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा जालंधर की अध्यक्ष मीनू शर्मा के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने भगवान श्री राम चौक से कांग्रेस सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए कंपनी बाग में पहुंचीं।