पंजाब पुलिस की दादागिरी: पूर्व सैनिक के बेटे को जबरन उठाया, लॉकअप में पीटा, कर्नल की पत्नी की शिकायत पर एक्शन
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में पंजाब पुलिस ने पूर्व सैनिक के बेटे और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की है। अब इस मामले में कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ की पत्नी रितु बाठ की एंट्री हो गई है। इसके बाद आरोपी पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के पटियाला में बीते दिनों पुलिस कर्मचारियों ने सेना के कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ और उनके बेटे के साथ मारपीट की थी। अब ऐसी ही एक घटना और हुई है। फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव भल्लामाजरा के दो लोगों की पुलिस द्वारा बेरहमी से पिटाई कर उन्हें जख्मी करने का मामला सामने आया है। घायलों में एक युवक पूर्व सैनिक का बेटा है। इस घटना बारे जैसे ही पटियाला के कर्नल बाठ की पत्नी रितु बाठ को पता लगा तो वह दोनों युवकों का हाल जानने के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचीं और उनसे पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद रितु बाठ ने पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी शुभम अग्रवाल से मुलाकात की और न्याय की मांग की।
पीड़ित के भाई अमनदीप सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल की रात को गांव तरखेड़ी में पुलिस ने उसके भाई को घेरा डालकर हिरासत में ले लिया और पुलिस चौकी लाकर भाई समेत उनके ड्राइवर की बुरी तरह पीटा। पुलिस ने दोनों को लहुलूहान कर दिया। पुलिस उसके भाई पर नशे का आरोप लगाया और घर ढहाने की धमकी भी दी गई जबकि भाई ऐसा काम बिलकुल भी नहीं करता।
रितु बाठ और भाजपा नेता गुरतेज सिंह ढिल्लों ने कहा कि भल्लमाजरा के पूर्व सैनिक के बेटे और उनके ड्राइवर के साथ खेड़ा चौकी की पुलिस ने झूठे केस में फंसाने के मकसद से नाजायज तौर पर मारपीट की है, जो निंदनीय है। वह इस मामले को लेकर एसएसपी से मिले हैं। जहां जिला पुलिस प्रमुख ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित के भाई अमनदीप सिंह ने बताया कि उसका भाई बठिंडा की तरफ से आ रहा था, तभी पुलिस ने उसे गांव तारखेड़ी के पास रोक लिया। 9-10 अप्रैल की रात को पुलिस उसे अपने साथ ले गई और उसके साथ मारपीट की। सुबह उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने पुलिस से न्याय दिलाने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की।
इस संबंध में एसपीडी राकेश यादव ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है।