Punjab: अबोहर तहसील की पार्किंग में युवक को गोलियों से भूना, पेशी पर आया था आकाश, चारों आरोपी गिरफ्तार
आकाश अपने दो साथियों के साथ अदालत में पेशी पर आया था। इसी दौरान दो हमलावरों ने उस पर अचानक गोलियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि कई राउंड फायरिंग हुई और आकाश को तीन से चार गोलियां लगीं।
-
- 1
-
Link Copied
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वहीं इस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को पुलिस ने कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया है। रात साढ़े 8 बजे एसएसपी गुरमीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी गगनदीप उर्फ गग्गी लाहौरिया और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनको शुक्रवार को अदालत में पेश करके रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। गग्गी लाहौरिया ने वीडियो वायरल कर हत्याकांड की जिम्मेदारी भी ली थी।
जानकारी के अनुसार आकाश अपने दो साथियों के साथ अदालत में पेशी पर आया था। इसी दौरान दो हमलावरों ने उस पर अचानक गोलियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि कई राउंड फायरिंग हुई और आकाश को तीन से चार गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे अबोहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी गुरमीत सिंह, एसपी डी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी।
एसएसपी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे गैंगवार बताया। उन्होंने कहा कि मृतक और हमलावर दोनों ही पक्षों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और यह हमला एक पुरानी रंजिश का नतीजा प्रतीत होता है।
एसएसपी गुरमीत सिंह ने दावा किया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह का तनाव फैलने नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसील परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। जांच जारी है।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
डीआईजी फिरोजपुर रेंज संदीप शर्मा वारदात की सूचना मिलने पर अबोहर पहुंचे। डीआईजी ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस टीमें लगातार जांच कर रही हैं जिसमें इस वारदात का मुख्य कारण दोनों पक्षों की आपसी रंजिश सामने आई है। पुलिस ने मृतक आकाश उर्फ गोलू पंडित के पिता के बयानों पर 4 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इनमें अबोहर निवासी गगनदीप उर्फ गग्गी, अर्श लाहौरिया और राजा वाली निवासी गोगी बिश्रोई और पंचकोसी निवासी साहिल शामिल हैं। वहीं गग्गी लाहोरिया द्वारा वायरल एक वीडियो में इस गोलीकांड की जिम्मेदारी लिए जाने पर डीआईजी ने कहा कि पुलिस टीमें इस वीडियो की जांच कर रही हैं और जो भी इस घटना में शामिल है उसे किसी भी सूरत मे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने शहर की जनता को भरोसा दिलाया कि किसी भी असामाजिक तत्व को सिर नहीं उठाने दिया जाएगा और घटना में शामिल सभी लोगों को शीघ्र काबू कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कोर्ट परिसर में हत्या पर विधायक संदीप जाखड़ ने जताया रोष
युवक की हत्या की घटना पर विधायक संदीप जाखड़ ने कहा कि एसडीएम और एसपी कार्यालय के बगल में हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था के प्रति एक बार फिर लोगों के विश्वास को झिंझोड़ कर रख दिया है। 5 महीने पहले सात जुलाई को न्यू वीयरवेल इम्पोरियम के बाहर प्रतिष्ठित व्यवसायी संजय वर्मा की गोलियों से हत्या करने वाले तीनों मुख्य अभियुक्त अभी तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई। आज दिनदहाड़े अदालत के बाहर युवक की हत्या की वारदात ने यह सिद्ध कर दिया है कि राजनीतिक दखलंदाजी के कारण निष्क्रिय हो चुकी पंजाब पुलिस आपराधिक तत्वों से निपटने में पूरी तरह विफल है। आज के गोलीकांड ने न केवल न्याय की उम्मीद लेने आए दर्जनों आम नागरिकों बल्कि वकील भाईचारे में भी दहशत पैदा कर दी। ऐसी घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी जान जा सकती थी। विधायक ने कहा कि यह मुद्दा कई बार उठाया जा चुका है कि कई स्थानीय मोहल्लों में आपराधिक तत्व नशे के कारोबार के चलते आपसी रंजिश को हिंसक घटनाओं में बदल चुके हैं। पुलिस मात्र सिल्वर पन्नी और डोप टेस्ट के मुकदमे दर्ज करके नशे पर काबू पाने का दावा कर रही है।