Punjab Assembly: सीएम मान का भाजपा पर हमला, कहा- बीजेपी शासित राज्यों में 65 पेपर लीक
विधानसभा में नीट परीक्षा लीक के बाद जान गंवाने वाले बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्पीकर ने कहा कि केंद्र सरकार को अपना सिस्टम और मजबूत करना चाहिए ताकि बच्चों को इस तरह जान न गंवानी पड़े।
विस्तार
पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन फार्मेसी पेपर लीक पर हंगामा हो गया। कांग्रेस विधायकों ने फार्मेसी नकल मामले में शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का इस्तीफा मांगा। नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा ने पेपर लीक का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। कांग्रेस विधायक काले परने पहनकर सदन में पहुंचे।
स्पीकर ने खड़े होकर कांग्रेस विधायकों को समझाया, इसके बावजूद कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन जारी है। स्पीकर ने कार्रवाई की चेतावनी भी दी। जिसके बाद सदन को साढ़े 12 बजे के लिए स्थगित कर दिया गया।
कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस के इतने वरिष्ठ विधायक हैं लेकिन उन्हें यह नहीं पता है कि विभाग का मंत्री कौन हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि इस तरह के बर्ताव के लिए कांग्रेस विधायकों को समझाया जाए।
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने देश भर में नीट और अन्य परीक्षाओं के लीक होने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर बल प्रयोग करने के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश किया। चीमा ने कहा कि 2014 से अब तक करीब 70 परीक्षाएं लीक हो चुकी हैं। बच्चों का भविष्य बेचा जा रहा है।
इससे पहले विधानसभा में नीट परीक्षा लीक के बाद जान गंवाने वाले बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। स्पीकर ने कहा कि केंद्र सरकार को अपना सिस्टम और मजबूत करना चाहिए ताकि बच्चों को इस तरह जान न गंवानी पड़े।
इस पर भाजपा विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा कि आप अपनी गलतियों को भी स्वीकार करें। केंद्र सरकार कार्रवाई कर रही है लेकिन पंजाब सरकार क्या कर रही है।
शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि पांच हजार शिक्षकों की पदोन्नति अगस्त माह में होगी। पिछले काफी समय बाद यह पदोन्नति होगी। साथ ही हम नई भर्ती कर रहे हैं।
वहीं, सीएम मान ने विधानसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा बच्चों के साथ धोखा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा महंगी कोचिंग लेकर बच्चे पेपर में बैठते हैं और उन्हें बाद में पता चलता है कि पेपर को अमीर लोग खरीद लेते हैं। ये पेपर लीक नहीं पेपर खरीद है। सीएम मान ने कहा जहां भाजपा की सरकार है वहां 2019 से 2024 तक 65 पेपर लीक हुए हैं। साल 2014 से अब तक 93 पेपर लीक हुए हैं। सीएम मान ने कहा इस बार पंजाब के 882 छात्रों ने नीट की परीक्षा पास की है। अगर पेपर लिक न होता तो एक हजार बच्चा पंजाब से नीट की परीक्षा पास करता।
सीएम मान ने कहा पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है। इसका समाधान निकाला जाना चाहिए। पीएम मोदी कहते हैं कि पेपर लीक के मामलों की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी लेकिन मैं पूछना चाहता हूं कि वे पेपर लीक को रोकते क्यों नहीं हैं? क्या आपने कभी सुना है कि किसी देश में परीक्षा आयोजित करने के लिए एयर फोर्स को तैनात किया गया हो? इसका मतलब है कि आपके अधिकारी इतने अक्षम हैं कि आप परीक्षा भी आयोजित नहीं कर सकते। वहीं, उन्होंने कहा सरकार को संसद में ई-20 ईंधन के मुद्दे पर भी जवाब देना चाहिए।
#WATCH | Chandigarh | Punjab CM Bhagwant Mann says, "Paper leak is a very serious issue. A solution should be found for this. PM Modi says paper leak cases will be tried in fast-track courts. But I want to ask, why don't they stop paper leaks? Have you ever heard that the Air… pic.twitter.com/b3BtCsSRlX
— ANI (@ANI) August 3, 2026