'गद्दार' के बाद एहसान फरामोश: कांग्रेस का बिट्टू पर नया वार, अपने राज्य मंत्री की तरफदारी में आए रेल मंत्री
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री शहीद बेअंत सिंह के पोते रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। अब राहुल गांधी ने उन्हें गद्दार कहा है जिस पर सियासी घमासान तेज हो गया है।
विस्तार
कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में इस मुद्दे का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर सीधा हमला बोला, वहीं पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस और गांधी परिवार की बदौलत तीन बार सांसद बने रवनीत बिट्टू ने अपनी पहचान को भुलाकर कृतघ्नता का परिचय दिया है।
शुक्रवार को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अब एक बार फिर रवनीत बिट्टू को निशाने पर ले लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू सिर्फ गद्दार ही नहीं, बल्कि एहसानफरामोश भी हैं। कांग्रेस ने उन्हें श्री आनंदपुर साहिब की सीट पर पहली बार टिकट दिया। जब वे वहां से जीत नहीं पाए, तो उन्हें लुधियाना भेज दिया गया, जहां वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्थन से दो बार जीते। अगर आप इतने मजबूत नेता थे, तो इस बार भाजपा के टिकट पर लुधियाना से क्यों नहीं जीते। याद रखना, पंजाब भविष्य के चुनावों में भी किसी गद्दार को कभी स्वीकार नहीं करेगा।
Seems like @RavneetBittu is not just a traitor but also a thankless person.
The @INCIndia enabled his first term by accommodating him in Anandpur Sahib, then when he could not win from there, he was shifted to Ludhiana where he won twice with the support of congress cadres.
If… https://t.co/eunYnWRi0L pic.twitter.com/9INHh2w70T— Amarinder Singh Raja Warring (@RajaBrar_INC) February 6, 2026
वैष्णव ने की बिट्टू की तारीफ
वहीं राज्यसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू की तारीफ करते हुए कहा कि बिट्टू ने पंजाब की नुमाइंदगी करते हुए पंजाब से संबंधित कई रेल परियोजनाओं को सिरे चढ़ाने में बहुत सहयोग किया है। इन परियोजनाओं के बीच यदि कोई बाधा आती है तो वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें दूर करवाते हैं ताकि परियोजनाएं पूरी हो सकें और इसका लाभ जनता उठा सके। अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि बिट्टू पंजाब के लोगों की सुविधाओं के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम कर रहे हैं और पंजाब के साथ न्याय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वक्त पंजाब में कई रेल परियोजनाएं आ रहे हैं और बिट्टू व्यक्तिगत रूप से इसकी निगरानी कर रहे हैं।कांग्रेस को खेद जताना चाहिए था
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में भाषण के दौरान कहा कि कांग्रेस के एक ‘शातिर दिमाग’ नेता ने एक सिख को गद्दार कहा। बिट्टू सिख हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया, जबकि कांग्रेस छोड़कर जाने वाले कई अन्य नेताओं को कभी गद्दार नहीं कहा गया। मोदी ने कहा कि यह सिखों और उनके गुरुओं का अपमान है और इससे कांग्रेस की मानसिकता उजागर होती है।प्रधानमंत्री ने सवाल उठाया कि जिनके परिवार ने देश के लिए शहादत दी हो, यदि उनके परिवार का कोई सदस्य अपने राजनीतिक विचार बदल ले तो क्या वह गद्दार हो जाता है? मोदी ने कहा कि इस बयान पर कांग्रेस को कम से कम खेद जताना चाहिए था, लेकिन अहंकार और नफरत के चलते ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सिख को गद्दार कहना बेहद दुखद है और यही सोच कांग्रेस को ले डूबेगी।
गांधी परिवार ने बिट्टू को आगे बढ़ाया
अमृतसर पहुंचे भूपेश बघेल ने कहा कि बिट्टू यह भूल चुके हैं कि उनके दादा स्व. बेअंत सिंह कांग्रेस के सिपाही थे और 1992 में पंजाब के 12वें मुख्यमंत्री बने। गांधी परिवार ने उन्हें हमेशा सम्मान दिया, टिकट दिया और आगे बढ़ाया, लेकिन अब वही बिट्टू राहुल गांधी को देश का दुश्मन बता रहे हैं। यह उनकी संकीर्ण सोच को दर्शाता है।आज भाजपाई बिट्टू के बॉस बन गए
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक पुराना वीडियो वायरल करते हुए कहा कि जिन भाजपाइयों से बिट्टू पहले बात तक करना पसंद नहीं करते थे, आज वही उनके बॉस बन गए हैं। वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस ने बिट्टू को राजनीतिक पहचान दी और अब भाजपा में शामिल होकर उन्होंने पंजाब और पंजाबियों के साथ धोखा किया है। कांग्रेस के लिए बिट्टू हमेशा गद्दार ही रहेंगे।बेअंत सिंह के बुत के सामने कहें गद्दार : भाजपा
पंजाब भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रिंतपाल बलिएवाल ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि रवनीत बिट्टू शहीद बेअंत सिंह के पोते हैं, जिन्होंने पंजाब में अमन-शांति के लिए अपनी जान कुर्बान की। कांग्रेस ने उनके सम्मान में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उनकी प्रतिमा लगा रखी है। यदि बिट्टू गद्दार हैं तो कांग्रेस उस प्रतिमा के सामने खड़े होकर यह कहे। बलिएवाल ने कहा कि भाजपा में शामिल होते ही बिट्टू को गद्दार कहना कांग्रेस की संकीर्ण सोच को दर्शाता है।राहुल और बिट्टू दोनों सच बोल रहे : सुखबीर
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने विवाद पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने बिट्टू को गद्दार कहा, जबकि बिट्टू ने राहुल को देश का दुश्मन बताया। बादल के अनुसार, आरोप-प्रत्यारोप अपनी जगह हैं, लेकिन दोनों ही अपने-अपने तरीके से सच बोल रहे हैं।रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.