Chd-Punjab Big News: पंजाब के मुख्य सचिव पर हाईकोर्ट ने लगाया जुर्माना, अमृतसर में 20 किलो हेरोइन बरामद
पंजाब में बकाया डीए पर हाईकोर्ट सख्त। अमृतसर में बरामद हुई 20 किलो हेरोइन। पंजाब विधानसभा के बाहर आप-कांग्रेस में भिड़ंत। हॉकी में मलेशिया ने चीन को हराया। मोगा फायरिंग केस में परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार। चंडीगढ़-पंजाब बड़ी खबरें।
विस्तार
पंजाब में बकाया डीए पर हाईकोर्ट सख्त
पंजाब सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लंबित महंगाई भत्ते के बकाये से जुड़े मामले में आदेशों का पालन न किए जाने पर पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। हाईकोर्ट ने अपने आदेशों का पालन न करने के लिए पंजाब के मुख्य सचिव पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। कोर्ट ने मुख्य सचिव को एक व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का भी निर्देश दिया, जिसमें यह स्पष्ट करना होगा कि हाईकोर्ट के निर्देशों को लागू क्यों नहीं किया गया। पढ़ें पूरी खबर
अमृतसर में बरामद हुई 20 किलो हेरोइन
अमृतसर जिला देहात पुलिस ने हथियार और नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 पिस्तौल और 20 किलो हेरोइन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में होने की बात सामने आई है। यह हैंडलर अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने और उन्हें संगठित नेटवर्क के जरिये आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने में मदद करता था। विदेश में बैठे तस्करों की ओर से हथियार और हेरोइन की यह खेप ड्रोन के जरिए सीमा पार से भिजवाई गई थी। पढ़ें पूरी खबर
पंजाब विधानसभा के बाहर आप-कांग्रेस में भिड़ंत
पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को सुखपाल सिंह खैरा के निलंबन को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक को विधानसभा में प्रवेश नहीं दिए जाने के विरोध में पार्टी विधायकों ने प्रदर्शन किया। विधानसभा परिसर में मीडिया को बयान देने के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के विधायक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। इससे विधानसभा परिसर में तनाव बढ़ गया। पढ़ें पूरी खबर
मलेशिया ने चीन को हराया
पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी के साथ मंगलवार को ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में पुरुष एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही मुकाबले में मलेशिया और चीन के खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांच से भर दिया। बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में मलेशिया ने चीन को 5-4 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं, शाम को भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। पढ़ें पूरी खबर
मोगा फायरिंग केस में परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार
मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में फायरिंग की घटना में मारे गए दोनों युवकों के परिवारों ने अंतिम संस्कार करवाने से इनकार कर दिया। परिवारों ने प्रशासन और सरकार पर आरोप लगाया कि उनकी सहमति के बिना जबरदस्ती पोस्टमार्टम करवाया गया। प्रशासन अब अंतिम संस्कार करवाने की कोशिश कर रहा है। पढ़ें पूरी खबर
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.