Chd-Punjab Big News: आप ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई; शाह का चंडीगढ़ दौरा
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। अमृतसर में 10 किलो हेरोइन बरामद। अमृतसर एयरपोर्ट पर शुरू होगी डिजीयात्रा सुविधा। चंडीगढ़-पंजाब की खबरें
विस्तार
आप ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में नामों पर अंतिम मुहर लगा दी गई। सूची सीएम भगवंत मान ने जारी की। इसमें 40 उम्मीदवारों के नाम हैं। सीएम भगवंत मान का नाम पहली सूची में शामिल है। मान धुरी से चुनाव लड़ेंगे। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा और वित्तमंत्री हरपाल चीमा का नाम पहली लिस्ट में शामिल नहीं है। पढ़ें पूरी खबर
अमृतसर में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई
अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घरिंडा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो 22 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान नवसुमीत सिंह उर्फ मनप्रीत सिंह निवासी खैहरा, थाना घरिंडा और बलविंदर सिंह उर्फ डोनी निवासी पक्का किला, झब्बाल, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। एएसआई राजबीर सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के सिलसिले में अटारी के पास सरकारी बाग पहुंचे थे। पढ़ें पूरी खबर
अमृतसर एयरपोर्ट पर शुरू होगी डिजीयात्रा सुविधा
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया को आसान बनाने की तैयारी है। अब घरेलू यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को भी डिजीयात्रा सुविधा से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत एक नवंबर से एयरपोर्ट पर फेस रिकग्निशन तकनीक का लाइव ट्रायल शुरू किया जाएगा। शुरुआती चरण में ई-चिप युक्त पासपोर्ट रखने वाले भारतीय नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। पढ़ें पूरी खबर
अमित शाह का चंडीगढ़ दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम को चंडीगढ़ पहुंचेंगे। शाह के दौरे को लेकर चंडीगढ़ और पंचकूला में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पहले उनका एक नवंबर को आने का कार्यक्रम था, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार वह शनिवार शाम को आएंगे। वे एयरपोर्ट से सीधे पंचकूला जाएंगे और रात वहीं रुकेंगे। रविवार सुबह करीब 10:15 बजे पंचकूला से चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां राइजिंग डे परेड में शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पढ़ें पूरी खबर
जालंधर में बहुजन समाज के लोगों ने थाने का किया घेराव
जालंधर में डेरा सचखंड बल्लां के खिलाफ कथित तौर पर गलत पोस्ट डालकर बदनाम करने के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज बहुजन समाज के लोगों ने शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे आदमपुर पुलिस थाने का घेराव कर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लिखित शिकायत देने और कार्रवाई के लिए तीन-चार दिन का समय देने के बावजूद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। देर रात तक चले इस प्रदर्शन के कारण जालंधर-होशियारपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पढ़ें पूरी खबर