Punjab: श्री हरमंदिर साहिब के मॉडल की नीलामी पर SGPC ने कहा- यह आम तोहफा नहीं, श्रद्धा व सम्मान का प्रतीक है
आम आदमी पार्टी (आप) ने श्री हरमंदिर साहिब के पवित्र मॉडल की नीलामी के पीएमओ के फैसले की निंदा की। यह मॉडल शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्री दरबार साहिब आने पर भेंट किया था। पीएमओ उपहार में मिली 912 वस्तुओं की नीलामी ऑनलाइन कर रहा है। इसमें श्री हरमंदिर साहिब का मॉडल भी शामिल है।
विस्तार
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तोहफे में मिले श्री हरमंदिर साहिब के मॉडल की नीलामी का गंभीर संज्ञान लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा है कि श्री हरमंदिर साहिब के मॉडल की नीलामी नहीं होनी चाहिए। धामी ने कहा कि यह आम तोहफा नहीं, बल्कि श्रद्धा व सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से इस अमूल्य तोहफे को नीलामी करने के बजाय इसे अपने निवास पर सुरक्षित रखने की अपील की। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री को मिले तोहफों की जल्द नीलामी की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अन्य वस्तुओं के अलावा इसमें श्री हरमंदिर साहिब का मॉडल भी शामिल है।
श्री हरमंदिर साहिब के मॉडल की नीलामी दुर्भाग्यपूर्णः आप
उधर, आम आदमी पार्टी (आप) ने श्री हरमंदिर साहिब के पवित्र मॉडल की नीलामी के पीएमओ के फैसले की निंदा की। यह मॉडल शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्री दरबार साहिब आने पर भेंट किया था। पीएमओ उपहार में मिली 912 वस्तुओं की नीलामी ऑनलाइन कर रहा है। इसमें श्री हरमंदिर साहिब का मॉडल भी शामिल है। इसे 13,500 के बेस प्राइस के साथ नीलामी साइट पर सूचीबद्ध किया गया है।
पंजाब आप के कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंसिपल बुध राम ने कहा कि पीएमओ गुरु साहिब के आशीर्वाद की कीमत नहीं लगा सकता। इससे सिख समुदाय की भावनाएं भी आहत हो रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी और पीएमओ को तुरंत सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए और उक्त मॉडल को नीलामी स्थल से हटाया जाना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इसे पीएमओ ने बिना सोचे-समझे नीलामी के लिए रख दिया। इसे किसी भी कीमत पर बेचा नहीं जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री श्री हरमंदिर साहिब से मिले मॉडल का सम्मान करें: सरना
शिरोमणि अकाली दल बादल की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना ने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब का मॉडल शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट किया था। नीलामी की खबरें दुर्भाग्यपूर्ण और सिखों के दिलों को ठेस पहुंचाने वाली हैं। श्री हरमंदिर साहिब सिख समुदाय के लिए सबसे पवित्र और केंद्रीय स्थान है और पूरी कौम के लिए धार्मिक सम्मान का केंद्र भी है। अगर इस मॉडल की नीलामी की जाती है तो यह सिख कौम की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बात होगी।