तरनतारन में जहरीली शराब से मौतों पर गरमाई सियासत, नेताओं ने मुख्यमंत्री से की इस्तीफे की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तरनतारन में जहरीली शराब के सेवन से रविवार को 13 और लोगों की मौत हो गई। अब जिले में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 75 हो गया है। इस मामले में अब राजनीति भी गरमाने लगी है। रविवार को विभिन्न राजनीतिक पार्टी के नेताओं ने तरनतारन पहुंच कर पीड़ित परिवारों के परिजनों से मुलाकात की और सरकार पर निशाने साधे।
तरनतारन पहुंचे आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने मृतकों के घर जाकर कहा कि तरनतारन में शराब कांग्रेसी नेता बेच रहे हैं अगर सरकार सच में ही नशा खत्म करना चाहती है तो आरोपियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई करें और मृतकों के परिवार वालों को 25 लाख रुपये और एक सरकारी नौकरी दे।
शिरोमणि अकाली दल टकसाली के अध्यक्ष रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसा काम अगर विदेश में हुआ होता तो तुरंत ही सरकार गिर जाती। मृतकों के परिवार वालों को कम से कम 10 लाख और एक सरकारी नौकरी दी जाए और इस मामले की तुरंत जांच करवा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

पंजाब एकता पार्टी के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि जहरीली शराब के कारण जो लोगों की मृत्यु हुई है। इसके पीछे सरकार का हाथ है। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र की मिलीभगत के बिना शराब की बिक्री संभव नहीं है। सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि पिछले दिनों कांग्रेस के विधायक राणा गुरजीत सिंह की शराब की फैक्टरी की दीवार तोड़कर सरेआम शराब की तस्करी की जा रही थी लेकिन मामले को भी रफा-दफा कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि अब जो पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड करने का नाटक किया गया है, वह केवल पंजाब के लोगों की आंखों में धूल झोंकने जैसी बात है। पूर्व मंत्री अनिल जोशी ने भी पंजाब सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सरकार से इस्तीफे की मांग की। अनिल जोशी ने कहा कि पंजाब में शराब का गोरखधंधा कांग्रेसी नेताओं के आशीर्वाद से फल फूल रहा है।
सांसद का दावा- 48 घंटे में जहरीली शराब के आरोपी होंगे सलाखों के पीछे
सांसद जसबीर सिंह डिंपा ने दावा किया है कि तरनतारन में जहरीली शराब का सेवन करने से लोगों की मौत के आरोपी 48 घंटे में सलाखों के पीछे होंगे। सांसद ने कहा कि पंजाब में जहरीली शराब से मृत्यु होना बेहद दुखद है यह घटना फिर न दोहराई जाए, इसके लिए पंजाब सरकार विशेष रुप से पुलिस टीम का गठन कर रही है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को संसद में उठाएंगे। मुद्दा उठाया जाएगा कि यदि कोई भी केमिकल युक्त शराब बनाता, बेचता या फिर सप्लाई करता पकड़ा जाता है तो उस पर एनडीपीएस एक्ट के अधीन केस दर्ज हो और आरोपी को उम्रकैद की सजा देने का प्रावधान हो।
सांसद ने कहा कि वे संसद के आगामी सेशन में इस बिल को पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई हुई है लेकिन फिर भी कुछ लोग केमिकल युक्त शराब बनाकर बेच रहे हैं। सांसद डिंपा ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की नीति और नीयत दोनों साफ हैं। पुलिस ने इस साल 1000 किलो स्मैक और हेरोइन की बरामदगी की है।
नवांशहर: प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेसी नेताओं ने भी खोला मोर्चा
जहरीली शराब मामले में विरोधियों के निशाने पर चल रही कैप्टन सरकार के खिलाफ अब कांग्रेस नेताओं ने भी मोर्चा खोलना शुरू कर दिया है। रविवार को बंगा से 2 बार विधायक रहे पूर्व कांग्रेसी विधायक तिरलोचन सूंढ ने जहरीली शराब मामले में कैप्टन अमरिंदर सिंह से इस्तीफा मांगा है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि कैप्टन को अधिकारियों को सस्पेंड करने की बजाय अपना इस्तीफा देना चाहिए।
कैप्टन सरकार ने घर-घर नौकरी देने की बजाय घर-घर नशा बांटा है। इतिहास में दर्ज होगा कि कैसे एक मुख्यमंत्री ने श्री गुटखा साहिब की शपथ लेकर नशे को खत्म नहीं किया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शपथ को पूरा न कर लोगों का विश्वास खो दिया है। उधर इस मामले में बंगा हलका इंचार्ज एवं जिला प्लानिंग बोर्ड के चेयरमैन सतबीर पल्ली झिक्की ने कहा कि सूंढ कांग्रेस के खिलाफ ही काम करते रहे हैं। ऐसे बयान का कोई मतलब नहीं रहता।
राजपुरा: ‘नकली शराब से मौत के लिए सरकार जिम्मेदार’
तीन सरहदी जिलों में 105 लोगों की मौत हो गई है। इसके लिए पटियाला प्रशासन व स्थानीय सत्ताधारी नेता के अलावा मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। समय रहते सही कार्रवाई की गई होती तो ये मौतें न होंती। यह विचार वरिष्ठ भाजपा नेता व हलका प्रभारी हरजीत सिंह ग्रेवाल ने व्यक्त किए। जिले के सभी 9 विधानसभा सीटों से अकाली-भाजपा के हलका प्रभारी एसएसपी पटियाला से मंगलवार को मिलेंगे और उक्त आरोपी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। मौके पर पूर्व पार्षद मनमोहन भोला, नरेश धीमान, जसपाल सिंह जस्सी, नत्थु राम मौजूद रहे।