{"_id":"62d5698b4a43dd53141aea3a","slug":"health-department-alert-after-getting-cholera-patients-in-amritsar","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमृतसर में हैजा की दस्तक: शहर में 15 मरीज मिलने से हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सर्वे, पानी की भी जांच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमृतसर में हैजा की दस्तक: शहर में 15 मरीज मिलने से हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सर्वे, पानी की भी जांच
Mon, 18 Jul 2022 07:43 PM IST
ajay kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर (पंजाब)
Published by: ajay kumar
Updated Mon, 18 Jul 2022 07:43 PM IST
सार
एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ. नवदीप कौर ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह हैजा के नए मरीज हैं या फिर पुराने। उन्होंने बताया कि शहर में हैजा को लेकर सर्वे शुरू कर दिया है। पहले दिन मुस्तफाबाद इलाके में 327 घरों में सर्वे किया गया।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : iStock
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमृतसर में हैजा के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। शहर में हैजा के मरीजों का पता चलते ही स्वास्थ्य विभाग ने कुछ विशेष इलाकों में सर्वे शुरू कर दिया है। वहीं मुस्तफाबाद इलाके में छह घरों से पानी के सैंपल लेकर जांच को भेजा गया है। शहर में हैजा के 15 मरीजों की खबर मिलने के बाद सिविल सर्जन डॉ. चरणजीत सिंह ने जहां पानी के सैंपल लेने का आदेश दिया तो वहीं कुछ विशेष इलाकों में सर्वे कर ऐसे मरीजों का पता लगाने का भी आदेश दिया है।
विज्ञापन
मानसून की बारिश के बाद शहर की कुछ स्लम बस्तियों में पानी रुक गया है। जिसके चलते हैजा ने स्लम बस्तियों में दस्तक दे दी। इसके पीछे कारण सीवरेज व्यवस्था का ठप होना और पीने योग्य पानी में गंदा पानी को मिलना बताया जा रहा है। इसके बाद वेरका के मुस्तफाबाद में सात और शहर के अंदरूनी हिस्सों में हैजा के आठ मरीज मिलने की जानकारी सामने आई तो सिविल सर्जन ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया और सैंपल लेने का आदेश दिया। सीएस डॉ. सिंह ने जिला एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ. मदन मोहन को पानी के सैंपल लेने और आईडीएसपी (इंटीग्रेटेड डीसीज सर्विलांस प्रोग्राम) अधिकारी डॉ. नवदीप कौर को शहर में सर्वे कर रिपोर्ट करने का आदेश दिया है।
विज्ञापन
जिला एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ. मदन मोहन ने बताया कि शहर के कुछ खास हिस्सों से पानी के सैंपल लेने की शुरुआत कर दी गई है। इसके तहत सोमवार को मुस्तफाबाद से छह घरों में पानी के सैंपल लेकर जांच को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को शहर के अन्य इलाकों में भी लोगों के घरों में पानी के सैंपल लिए जाएंगे।
विज्ञापन
उन्होंने लोगों के नाम संदेश में कहा है कि वे इन दिनों पानी को उबालने के बाद ही पीएं और फास्ट फूड और बाहर के खाने का सेवन न करें। खाना खाने से पहले और खाना खाने के बाद साबुन से हाथ धोएं और घर में खाने को ढक कर पकाएं। वहीं दूसरी तरफ आईडीएसपी एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ. नवदीप कौर ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह हैजा के नए मरीज हैं या फिर पुराने। उन्होंने बताया कि शहर में हैजा को लेकर सर्वे शुरू कर दिया है। पहले दिन मुस्तफाबाद इलाके में 327 घरों में सर्वे किया गया। इनमें हैजा का एक भी मरीज नहीं मिला। डॉ. कौर ने बताया कि शहर के अन्य हिस्सों में भी सर्वे किया जाएगा।