पंजाब में सब इंस्पेक्टर की हत्या: सरपंच समेत 70 लोगों के खिलाफ केस, 18 गिरफ्तार, मजीठिया ने सरकार पर लगाए आरोप
पंजाब के खडूर साहिब में पंजाब पुलिस से सब इंस्पेक्टर की हत्या की घटना ने सरकार को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। विपक्षी दल के नेता आप सरकार पर हमलावर हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के खडूर साहिब के गांव कोट मोहम्मद खां में दो गुटों के आपसी विवाद के दौरान गोली मारकर सब-इंस्पेक्टर चरनजीत सिंह की हत्या करने के मामले में थाना गोइंदवाल साहिब में कुल 70 आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें आप के सरपंच कुलदीप सिंह के अलावा उसके दो भाई राजदीप सिंह, अमनदीप सिंह व दूसरे गुट के अर्शप्रीत सिंह कालू शामिल हैं। पुलिस ने दबिश देकर 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन हथियार बरामद किए गए हैं।
सब डिवीजन गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी ने आरोपियों पर हत्या, हत्या का प्रयास, पुलिस की ड्यूटी में रुकावट डालने व आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। एफआईआर में 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि सरपंच व दूसरे गुट के 20 लोगों के नाम लिखे गए हैं।
डीएसपी ने बताया कि ईंट-पत्थर लगने से घायल एएसआई जसबीर सिंह की हालत में सुधार हो रहा है। सब-इंस्पेक्टर चरनजीत सिंह के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम होगा। उनके विदेश में रहने वाले बेटे के शुक्रवार तक स्वदेश लौटने की उम्मीद है। प्रथम जांच में सामने आया कि आप के सरपंच कुलदीप सिंह के कहने पर आरोपी गुरसेवक सिंह व पलविंदर सिंह ने पंजाब पुलिस के सिपाही मंदीप सिंह का लाइसेंसी रिवॉल्वर छीना। राजनदीप सिंह बिल्लू ने सब इंस्पेक्टर चरनजीत सिंह पर गोलियां चलाईं। पेट में गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
एक्सग्रेशिया ग्रांट के तौर पर 2 करोड़ की राशि की घोषणा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सब इंस्पेक्टर चरनजीत सिंह के परिवार को एक्सग्रेशिया ग्रांट के तौर पर दो करोड़ की राशि देने की घोषणा की है। डीजीपी गौरव यादव ने सब इंस्पेक्टर के परिवार के साथ शोक व्यक्त किया है। हलका खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा ने गांव कोट मोहम्मद खां में हुए घटनाक्रम पर चिंता जाहिर करते पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया है।
आप के गुंडों ने की एसआई हत्या: मजीठिया
शिअद बादल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि सब इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह शहीद नहीं हुए, जैसा कि सीएम मान दावा कर रहे हैं। बल्कि उनकी हत्या आप के एक सरपंच ने की है। उसे आप खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा का संरक्षण प्राप्त था। मजीठिया ने कहा कि सब इंस्पेक्टर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से चलाई गई गोलियों से नहीं मरा, बल्कि उसकी हत्या आप के एक सरपंच ने की है।
आप विधायक और रिश्तेदारों ने फैलाया आतंक
मजीठिया ने कहा कि खडूर साहिब में पुलिस विभाग ने विधायक की अवैध मांगों के आगे घुटने टेक दिए हैं। विधायक ने एक ईमानदार और बेहतरीन पुलिस अधिकारी गुरमीत सिंह चौहान को हटाने में सफलता प्राप्त कर ली है, जिन्होंने विधायक के साले के खिलाफ अवैध खनन में शामिल होने के आरोप में कार्रवाई की थी। विधायक और उनके रिश्तेदारों ने आतंक फैला रखा है। बुधवार को उन्होंने पुलिस के हस्तक्षेप की परवाह नहीं की और एक पुलिस सब इंस्पेक्टर पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी और दो अन्य पुलिसकर्मियों को गोली मारी।