सियासत: एक साल बाद कैप्टन अमरिंदर के साथ दिखेंगे नवजोत सिद्धू, राहुल गांधी भी होंगे मौजूद
पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान अमरिंदर सिंह को कैप्टन स्वीकार करने से इंकार कर नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा था कि उनके कैप्टन राहुल गांधी है। अब रविवार को करीब 14 महीने बाद मोगा में बड़े कैप्टन (राहुल गांधी) की मौजूदगी में नवजोत सिद्धू पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ दिखेंगे। वहीं राहुल गांधी और नवजोत सिद्धू के बीच भी लगभग डेढ़ साल बाद भी भेंटवार्ता होगी।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जब सिद्धू से स्थानीय निकाय विभाग छीन कर उन्हें बिजली मंत्री बनाया था, तब सिद्धू राहुल गांधी को मिलने उनके दिल्ली स्थित निवास पर गए थे। इस मुलाकात के दौरान राहुल के साथ प्रियंका गांधी और अहमद पटेल भी थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ पैदा हुए मतभेदों के चलते 10 जून 2019 को सिद्धू ने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर मंत्री पद से इस्तीफा देने की जानकारी दी थी।
सिद्धू ने एक रणनीति के तहत अपना इस्तीफा राहुल गांधी को भेजा था, ताकि कैप्टन अमरिंदर सिंह पर दबाव डाल कर उन्हें फिर स्थानीय निकाय व अन्य विभाग मिल सकें लेकिन राहुल गांधी ने इस मामले में कुछ नहीं किया तो नाराज सिद्धू ने 14 जुलाई को कैप्टन अमरिंदर सिंह को इस्तीफा भेजा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया था। इसके बाद जहां सिद्धू पंजाब की सियासी जमीन के साथ-साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह से भी दूर हो गए, वहीं उन्होंने अपने कैप्टन राहुल गांधी से भी कोई संपर्क नहीं रखा।
हालांकि डेढ़ साल में सिद्धू कैप्टन अमरिंदर सिंह को जनता के कटघरे में खड़ा करने का कोई मौका नहीं चूके। जित्तेगा पंजाब यूट्यूब चैनल के माध्यम से सिद्धू ने कैप्टन को ललकारा। नवजोत सिद्धू का स्वभाव है कि वह जब तक किसी पद पर नहीं होते, तब तक सियासी गतिविधियों में शामिल नहीं होते। मोगा में राहुल गांधी के साथ शामिल होने वाले सिद्धू को हरीश रावत कोई बड़ी जिम्मेदारी दिलवाने में सफल हो पाएंगे, यह बड़ा सवाल है।
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पटियाला में डेरा जमाया
नवजोत सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत सिद्धू बीते एक महीने से पटियाला में डेरा जमा कर बैठी हैं। डॉ. सिद्धू वहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रही हैं। डॉ. सिद्धू के साथ पटियाला गई एक पार्षद ने बताया कि पटियाला के साथ संगरूर, मानसा और अन्य जिलों के लोग भी डॉ. सिद्धू से मिलने आ रहे हैं।
डॉ. सिद्धू ने इसी वर्ष कांग्रेस से इस्तीफा देकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट में समाज सेवक लिख दिया था। डॉ. सिद्धू मालवा में बैठक कर सिद्धू के लिए नई राजनीतिक जमीन तलाश रही हैं या वह अपने लिए किसी विधानसभा या संसदीय हलके की तलाश में हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। बता दें कि सिद्धू व कैप्टन के संबंध उस समय बिगड़े थे जब सीएम ने डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को चंडीगढ़ से कांग्रेस टिकट देने का विरोध किया था।
मोगा: सुनील जाखड़ ने रैली की तैयारियों का लिया जायजा
राहुल गांधी रविवार को प्रदेश के तीन दिन के दौरे पर आ रहें है। इस दौरान वह मोगा के कस्बा बधनी कलां से ट्रैक्टर रैली की शुरूआत करेंगे। राहुल रविवार सुबह दस बजे बधनी कलां की अनाज मंडी में पहुंचेंगे। इसके बाद वहां पर जनसभा को संबोधित करने के बाद ट्रैक्टर रैली की शुरूआत की जाएगी।
ट्रैक्टर रैली बधनी कलां से लोपों होते हुए निहालसिंह वाला से लुधियाना में प्रवेश करेगी। रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बरकरार रखने के लिए करीब 15 जिलों से दस हजार के करीब पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। शनिवार को रैली की तैयारियों का जायजा लेने बधनी कलां में कांग्रेस प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ पहुंचे।
जाखड़ ने जायजा लेने के बाद मीडिया से बातचीत कर कहा कि हरियाणा सरकार के मंत्री विज की ओर से राहुल गांधी को हरियाणा में नो एंट्री की घोषणा करना बेहद निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी किसानों को उनका हक दिलाने के लिए कड़ा संघर्ष करने से गुरेज नही करेगी।