टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के पास मंगलवार तड़के हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। हादसे में बस चालक और परिचालक समेत नौ लोगों की मौत हो गई है। 25 यात्री घायल हैं।
गूलर बस हादसा: कोई छठ तो कोई दिवाली मनाकर लौट रहा था काम पर, पलक झपकते ही मातम में बदली खुशियां
टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के पास हुए बस हादसे में जान गंवाने और घायल होने वालों में अधिकांश दूसरे राज्यों के निवासी हैं। कोई छठ पूजा तो कोई दिवाली मनाकर रोजी-रोटी के लिए अपने कार्यस्थल लौट रहा था।
बता दें कि मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे थाना मुनिकीरेती को चौकी गूलर के माध्यम से बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, थाना नरेंद्रनगर, फायर सर्विस नरेंद्रनगर, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। वहीं, शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से जवान भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान में सहयोग किया। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस के साथ ही स्थानीय अस्पतालों, एलएंडटी और नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया। घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया गया जहां से एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
करीब एक से डेढ़ घंटे तक बचाव अभियान चला। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया। बस 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक-परिचालक समेत कुल 34 लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार बस गूलर पुल के पास पहुंचते ही अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो ने एम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों में बस चालक व परिचालक भी शामिल हैं। अन्य 25 घायलों में छह की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि सभी मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद यात्रियों के सामान को गूलर चौकी में सुरक्षित रखवाया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे में मारे गए लोग
1. राजेंद्र सिंह (48) पुत्र कुंदन सिंह, निवासी क्यूरी पोखरी, रुद्रप्रयाग (बस चालक)।
2. अनुज भंडारी (27) पुत्र अतर सिंह, निवासी बढ़ल, शिवपुरी, मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल (हेल्पर/परिचालक)।
3. राज राय (56) पुत्र द्वारकानाथ राय, निवासी पश्चिम वजीर, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल।
4. विक्की (37) पुत्र सेवाराम, निवासी मकान नंबर 309, पावर हाउस, चंदौसी, संभल, उत्तर प्रदेश।
5. पुन्नू (55) पुत्र घुंघरू, निवासी मैखंडी, बारजूला, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल।
6- दीपक गुप्ता (55) पुत्र केदारनाथ गुप्ता निवासी शहडोल, सुहागपुर, मध्य प्रदेश।
7- विकास गुप्ता (60) पुत्र केदारनाथ गुप्ता निवासी शहडोल, सुहागपुर, मध्य प्रदेश।
8- रोहित कश्यप (35) निवासी संभल, चंदौसी, उत्तरप्रदेश।
9- सुशील प्रताप सिलोडी (55) पुत्र ब्रह्मानंद निवासी गोपेश्वर, चमोली।
