भदैनी घाट के सामने ओवरलोड नाव के गंगा में डूबने के कारण दो नहीं चार युवक लापता हुए थे। सोमवार शाम तक तीन युवकों के शव गंगा में मिले। वहीं देर रात चौथे युवक का भी शव गंगा से बरामद हुआ। ये सभी शव सोमवार को जानकी घाट, आनंदमयी घाट और चेतसिंह घाट के सामने गंगा से बरामद हो गए। इस दौरान दिन भर भदैनी और आसपास के घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। भेलूपुर इंस्पेक्टर अमित कुमार मिश्रा के अनुसार, रात लगभग 12:40 बजे जानकी घाट के सामने से मल्लाहों ने अभिषेक का शव बरामद किया है।
2 of 5
सोमवार को घाट पर खड़े शहनाज, जुनैद के परिजन और मौके पर उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
रामनगर की ओर से गंगा की रेती से रविवार की शाम छह बजे के लगभग एक छोटी नाव भदैनी घाट आ रही थी। नाव में नाविक और 11 युवक-युवतियां सवार थे। गंगा से सुरक्षित बाहर निकाली गई दो युवतियों और उनके एक दोस्त के अनुसार नाव में पानी भरने के कारण वह डूब गई थी। वहीं नाविक मनोज साहनी के अनुसार नशे में धुत एक युवक के सेल्फी लेने के कारण नाव असंतुलित होकर पलट कर डूब गई थी।
3 of 5
जानकी घाट के सामने सोमवार को खोजबीन करते गोताखोर।
- फोटो : अमर उजाला।
रविवार की रात भेलूपुर थाने की पुलिस ने मनोज और अन्य नाविकों की सूचना के आधार पर बताया था कि नाविक सहित 10 लोग सुरक्षित हैं। जबकि, शिवपुर थाना अंतर्गत लक्ष्मणपुर क्षेत्र की गंगोत्री बिहार कॉलोनी का विशाल सिंह (24) और उसकी कॉलोनी में रहने वाला उसका दोस्त अभिषेक मौर्य (24) लापता हैं।
4 of 5
विशाल सिंह का शव मिलते ही बेसुध परिजन।
- फोटो : अमर उजाला।
सोमवार को बजरडीहा क्षेत्र के सरायसुर्जन निवासी शाहिद जुनैद (19) के पिता बुनकर अब्दुल बकी और शाहनवाज (20) के पिता बुनकर सलीम खान भेलूपुर थाने पहुंचे। दोनों बुनकरों ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे भी रविवार की शाम से गायब हैं और वह भी संभवत: गंगा घाट की ओर ही गए थे।
5 of 5
सोमवार को लापता युवकों की तलाश करती एनडीआरएफ की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
उधर, सोमवार को खोजबीन के दौरान दोपहर के समय गंगा में जानकी घाट के सामने से विशाल सिंह और फिर आनंदमयी घाट के सामने से शाहिद जुनैद का शव गोताखोरों ने बाहर निकाला। शाम के समय चेतसिंह घाट के सामने से शाहनवाज का शव बरामद हुआ। वहीं देर रात जानकी घाट के सामने से ही अभिषेक मौर्य का भी शव बरामद हुआ।