Varanasi Crime News: चौबेपुर थाना क्षेत्र के गंगा किनारे सिंहवार गांव में बीती रात 11 बजे घर से 100 मीटर की दूरी पर खेत में चारपाई पर सो रहे अनिल भारती (28) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।
वाराणसी में मर्डर: तीन बच्चों की मां से युवक को था इश्क, सोते समय काट दी गई गर्दन; प्रेमिका हिरासत में
Varanasi News: वाराणसी में युवक की हत्या की जानकारी मिलते ही चौबेपुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक ने दूसरी शादी की थी। इसके पहले उसका प्रेम प्रपंच भी चल रहा था।
सिंहवार गांव निवासी छोटेलाल का बेटा अनिल रात 9 बजे खाना खाने के बाद घर से 100 मीटर दूर खेत में सो रहा था। 11 बजे के बाद किसी ने उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। लहूलुहान अनिल किसी तरह घर पहुंचा और पिता को आवाज दी। जब तक परिजन दरवाजा खोलते तब तक घर की चौखट पर वह बेहोश हो गया।
परिजनों ने 108 नंबर एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन 12.30 बजे तक एंबुलेंस नहीं आई। 12.40 बजे परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनिल की दूसरी शादी तीन महीने पहले 28 मई को मेवड़ी गांव की सूरज देवी के साथ हुई थी। हालांकि, अभी गौना नहीं हुआ था। पांच साल पहले उसकी मालती देवी से शादी हुई थी, लेकिन उससे तलाक हो गया।
अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह और डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने वारदात स्थल का मुआयना कर एसीपी सारनाथ, इंस्पेक्टर चौबेपुर और परिजनों से भी जानकारी ली। थाना प्रभारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि शादी से पहले अनिल का संबंध चांदपुर में रहने वाली एक अन्य महिला से भी था। अनिल मोबाइल का उपयोग नहीं करता था। गांव की सड़कों पर लगे सीसी कैमरे भी खराब मिले हैं। आशनाई को केंद्र मानकर जांच चल रही है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक के बाद एक कई मामले : चौबेपुर थाना क्षेत्र में कई आपराधिक मामले बढ़े हैं। अनिल के पहले उगापुर गांव निवासी राकेश पांडेय का संदिग्ध हाल में रेलवे ट्रैक किनारे मिले शव, राजवारी गांव के पास हवाईपट्टी पर अज्ञात युवती का शव, मोलनापुर नहर की टंकी में मिले युवक के शव मामले में की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझी है। अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह ने एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह व प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा को जल्द से जल्द खुलासा करने को कहा है।
नेताओं ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग : बसपा के शिवपुर विधानसभा अध्यक्ष धर्मेंद्र व जिला सचिव केसरी ने परिवार से मुलाकात की। दोपहर में सपा के प्रदेश सचिव हीरालाल मौर्य, डॉ. उमाशंकर यादव व रामधारी यादव पहुंचे।
बसपा के प्रदर्शन को परिजनों ने किया असफल
अनिल की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। बहुजन समाज पार्टी की जिला इकाई से जुड़े नेता और कार्यकर्ता भी पहुंचे। आक्रोशित नेताओं ने शव रखकर प्रदर्शन की योजना बनाई, लेकिन परिजनों का सहयोग न मिलने पर लौटना पड़ा। पुलिस को पहले से इसकी आशंका थी, ऐसे में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पोस्टमार्टम के बाद सुबह 10.30 बजे शव घर पहुंचा। मौके पर चौबेपुर, चोलापुर, सारनाथ, लालपुर-पांडेयपुर और पुलिस बल तैनात रहा।
शादी पर महिला ने जताई थी नाराजगी
अनिल का चांदपुर निवासी महिला से प्रेम संबंध था। महिला के दो बेटे और एक बेटी है। 28 मई को अनिल की जब शादी तय हुई थी तो महिला ने नाराजगी जताई थी। किसी तरह उसे समझाया गया था। हालांकि तब से महिला नाराज थी। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।