आजमगढ़ के केसरी चौक स्थित किराने की दुकान सहित तीन मंजिला मकान सोमवार सुबह शार्ट सर्किट से जलकर तबाह हो गया। इसमें कारोबारी अजय जायसवाल की दम घुटने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उनके परिवार को बचा लिया। आगे की स्लाइड्स में देखें...
जिले के अतरौलिया कस्बे के जाने-माने किराना व्यवसायी अजय जायसवाल के घर में सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे संदिग्ध हालत में आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अनुमान है कि आग से करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है।
नगर पंचायत अतरौलिया के केसरी चौक पर अजय जायसवाल (50) पुत्र बिंदेश्वरी का मकान है। तीन मंजिला भवन में भूतल पर किराने की दुकान, पहली मंजिल पर गोदाम और दूसरे पर परिवार रहता था। सोमवार की सुबह 9.30 बजे भवन के दूसरे तल से तेज धुआं और लपटें उठने लगीं।
आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड बूढनपुर को सूचना दी। इस बीच कुछ लोग अंदर घुसे और बारी-बारी से सभी लोगों को सकुशल बाहर निकाल लाए। किसी ने अजय जायसवाल को बताया कि उनके भाई का पुत्र अंदर फंसा है।
अजय फिर अंदर घुस गए। बाद में उन्हें एक कमरे में मृत पाया गया। फायर विभाग की पांच से अधिक गाड़ियों ने करीब नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम साढ़े छह बजे आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक आग का कारण शार्ट सर्किट है हालांकि प्रशासन का कहना है कि गैस रिसाव भी आग लगने का कारण हो सकता है।