सोनभद्र जिले में बुधवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई, तो वहीं 26 लोग घायल हो गए। मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। साथ ही पुलिस को जांच और दोषियों पर कार्रवाई करने के लिए कहा है। क्लिक कर देखें आगे की स्लाइड्स में तस्वीरें...।
जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मूर्तिया (उभ्भा) गांव में बुधवार दोपहर सौ बीघा विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान फायरिंग हुई और जमकर लाठी-डंडे और फावड़े चले। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार सीएचसी घोरावल और जिला अस्पताल में हो रहा। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल, एसपी सलमान ताज पाटिल ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र में ग्राम पंचायत मूर्तिया में दो पक्षों में वर्षों से जमीन विवाद चल रहा है। बुधवार को ग्राम प्रधान एक ट्रैक्टर पर दर्जनों लोगों को लेकर विवादित जमीन पर पहुंच गया। वहां उसने खेत की जोताई शुरू करा दी, जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। उसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष शुरू हो गया। इस दौरान फायरिंग हुई, लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी चली। इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में रामचंद्र(50) पुत्र लालशाह, राजेश गौड़(28) पुत्र गोविंद, अशोक(50) पुत्र नन्हकू, रामधारी(60) पुत्र हीरा शाह, नंदलाल की पत्नी नाम अज्ञात(45), दुर्गावती(42) पत्नी रंगीलाल, रामसुंदर(50) पुत्र तेज सिंह, जवाहिर(48) पुत्र जयकरन, सुभवंती (40) पत्नी रामनाथ शामिल हैं।
इसके अलावा अशोक गोड़ (35) पुत्र हरिवंश, केरवा देवी(50) पत्नी राम प्रसाद, रामधीन(35) पुत्र तेजा सिंह, विजय कुमार(20) पुत्र जय श्याम, जय प्रकाश(20) पुत्र संतलाल, नागेंद्र(26) पुत्र श्रीराम, राजिंदर (18) पुत्र राम सिंह, भगवान दास(60) पुत्र भीखम, रामलाल(60) पुत्र बौड़म, छोटेलाल(65) पुत्र चरकुट, कमलावती(50) पत्नी रामपति, रामनाथ(26) पुत्र तेजा सिंह, सीता देवी(70) पत्नी तेजा सिंह, सुखवंती(45) पत्नी संतलाल समेत 16 लोग घायल हो गए।
सूचना पर यूपी सौ नंबर पुलिस, थाने की पुलिस के साथ ही आसपास के थानों की पुलिस पहुंच गई। एसपी भी पहुंच गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सलमान ताज पाटिल ने कहा कि मूर्तिया में खेत का विवाद है। गांव का प्रधान यज्ञदत गुर्जर ट्रैक्टर से लोगों को लेकर उस जमीन पर आया और खेत की जोताई करने लगा। जब खेत पर काबिज लोगों ने विरोध किया तो प्रधान और उसके सार्थियों ने उन लोगों पर हमला बोल दिया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए।