वाराणसी में रविवार शाम गंगा में भदैनी घाट के सामने 11 सवारियों से भरी नाव पलट गई। आनन फानन में एनडीआरएफ समेत अन्य रेस्क्यू टीमों ने नौ लोगों को बचा लिया। नाव में पांच छात्रों का ग्रुप था जो पांच साल बाद मिले थे। नाव पलटने से दो छात्र अभी भी लापता हैं। भोजूबीर क्षेत्र में रहने वाला बीएचयू एमकॉम का छात्र विशाल सोनकर गंगा से बाहर निकाला गया तो उसे विश्वास नहीं हो रहा था कि वह सुरक्षित है।
वाराणसी नाव हादसा: पानी भरने से पलटी ओवरलोड नाव, छात्र बोला- हम कैसे बच गए, विश्वास नहीं हो रहा
वह बार-बार कह रहा था कि हम बच गए, हमें विश्वास ही नहीं हो रहा है। पानी में दम घुटने लगा था और लग रहा था कि आज गंगा में ही सब कुछ खत्म हो जाएगा। विशाल ने कहा कि ओवरलोड नाव में पानी भरने लगा था, इसी वजह से हादसा हुआ। विशाल सोनकर ने बताया कि वह, सौम्या, विशाल सिंह, अभिषेक और सुंदरपुर क्षेत्र की एक छात्रा पुराने दोस्त हैं। पांचों एक लंबे अरसे बाद मिले थे तो गंगा उस पार घूमने गए थे। अभिषेक साफ्टवेयर इंजीनियर है। विशाल सिंह एमसीए की पढ़ाई के बाद नौकरी की तलाश कर रहा है।
वापसी के दौरान पांचों नाव में सवार हुए तो छह अन्य युवक भी आ गए। पांचों ने नाविक से पूछा कि छोटी सी नाव में उसके अलावा 11 अन्य लोग कैसे जाएंगे। इस पर नाविक ने कहा कि सभी लोग आराम से जाएंगे। नाव आगे बढ़ी तो जो दूसरे ग्रुप के छह युवक थे, उनमें से दो बार-बार इधर से उधर हो रहे थे। इस बीच नाव में पानी भरने लगा और अचानक वह डूब गई। इसके बाद उसे कुछ नहीं याद है और होश आया तो वह खुद को घाट की सीढ़ियों पर पाया।
छह युवकों के बारे में नहीं पता कहां गए
पांच युवक-युवतियोें के अलावा छह अन्य युवक कहां के थे, इसका पता किसी को नहीं लगा। नाविकों ने बताया कि गंगा से बाहर निकाले जाने के बाद सभी छह युवक घाट पर पहुंचे और फिर कहां गए यह नहीं पता लग पाया। पुलिस भी देर रात तक उन छह युवकों के बारे में पता लगाती रही। उधर, घाट पर मौजूद लोगों ने नाव सवार लोगों की जान बचाने के लिए मल्लाह कृष्णा और उसके दोस्तों की तारीफ की।
गंगा पार रोजाना देर रात तक होता है जमावड़ा
रामनगर की ओर गंगा पार रेत पर रोजाना देर रात तक युवक-युवतियों का जमावड़ा होता है। नाविक उन्हें वापस घाट की ओर लाने के लिए मनमाने दाम वसूलते हैं। इस दौरान पुलिस कहीं दिखाई नहीं देती है। इसी अनदेखी और लापरवाही की वजह से अस्सी घाट के सामने गंगा पार दिसंबर 2017 में अर्जेंटीना की रहने वाली महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया गया था। पुलिस अब भी नहीं चेती तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है।