बालीवुड के सुपरस्टार और मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान जिस तरह अपनी फिल्मों को परफेक्ट बनाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ते उसी तरह से बात जब रिश्तों को निभाने की आती है, तो उसमें भी आमिर खान अपने व्यवहार से सभी को कायल बना देते हैं।
फिल्म की शूटिंग के साथ ननिहाल की मेहमानवाजी का भी लुत्फ उठा रहे आमिर खान
सोमवार को कोलकाता से बनारस में शूटिंग के लिए आए आमिर घाट के अलावा और कई जगहों पर अभी दो दिनों तक शूटिंग करेंगे। इधर प्रशंसक इस फिल्म में आमिर के लुक को देखकर उनके दीवाने हो गए। मंगलवार की सुबह आमिर खान के फिल्म की शूटिंग के लिए चेतसिंह घाट आने की सूचना मिलने के बाद वहां प्रशंसकों की भीड़ पहले ही जमा हो गई।
आमिर चेतसिंह घाट पहुंचे तो उनका नया लुक देख उनके प्रशंसक झूम उठे। घाट पर मौजूद लोगों का कहना था कि उन्होंने आमिर की फिल्में तो बहुत देखी हैं लेकिन इस लुक में उन्हें कभी नहीं देखा। हर कोई उनकी एक झलक पाने के लिए परेशान रहा।
मंगलवार की सुबह अंगद के लिए ऐसी खुशी लेकर आई कि वह घंटों मगन दिखा और कई ग्राहकों से चाय के पैसे ही नहीं लिया। दरअसल, शूटिंग के बाद अंगद की दुकान पर बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान चाय पीने पहुंच गए।
आमिर खान को सामने देख अंगद समझ ही नहीं पाया कि वह क्या करे। इसी बीच आमिर ने उससे कहा कि अदरक वाली दूध की चाय पिलाओ तो अंगद अपने भगौने की ओर दौड़ा। आननफानन में अंगद ने चाय बनाकर आमिर को दी तो उन्होंने उसकी तारीफ की और कहा कि वाह अंगद...।
इसके बाद अंगद के कंधे पर हाथ डाल कर उन्होंने फोटो खिंचवाई। आमिर चाय के पैसे देने लगे तो अंगद ने हाथ जोड़ लिए और कहा कि मेरी दुकान पर आपका आना और चाय पीना ही बहुत बड़ी बात है।