साउथ अफ्रीका में जनवरी में आयोजित होने वाले अंडर-19 वर्ल्डकप में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान चुने जाने के बाद मेरठ के प्रियम गर्ग बेहद उत्साहित हैं। प्रियम बंगलूरू में फिटनेस टेस्ट कैंप में हैं। वह तीन दिसंबर को मेरठ आएंगे। नौ दिसंबर से शुरू हो रहे रणजी मैच में उनके खेलने पर भी संशय है। उन्होंने अमर उजाला से फोन पर बात की और वर्ल्ड की तैयारी के बारे में बताया। मां के नाम पर हुए भावुक, जानिए क्यों-
कप्तान प्रियम गर्ग ने दिया अमर उजाला के हर सवाल का जवाब, मां के नाम पर हुए भावुक
1. वर्ल्डकप में कप्तानी का कितना दबाव रहेगा?
मैं हर मैच को एक मैच की तरह लेता हूं। अपना सौ प्रतिशत देने की कोशिश करता हूं। वर्ल्ड कप बड़ा मौका है, उसमें पूरी जान लगा देंगे।
2. क्रिकेट में किसको अपना आदर्श मानते हैं?
सचिन तेंदुलकर मेरे आदर्श हैं। उनके शांत व्यवहार का मैं कायल हूं। उन्हें आदर्श मानकर खुद को उस जगह स्थापित करना बहुत कठिन कार्य होगा। लेकिन जीवन में नामुमकिन कुछ भी नहीं, इसलिये सपने देखने चाहिये।
3. जीवन में सबसे कठिन समय, जब संघर्ष करना पड़ा?
2011 में मां का देहांत जीवन का सबसे कठिन पल था। उस समय क्रिकेट अभ्यास भी छोड़ना पड़ा। लेकिन कुछ दिनों के बाद पिता ने हौसला दिया। लेकिन बहुत मुश्किल से खुद को संभाल पाया। कोच संजय रस्तोगी ने बहुत प्यार दिया। इस सवाल पर वह भावुक भी हुए।
4. इस बड़ी सफलता का श्रेय किसको देना चाहेंगे?
परिवार में सबसे छोटा हूं, तो परिवार के सदस्यों ने खूब प्यार दिया। परिवार और मेरे कोच संजय रस्तोगी सहित एमडीसीए सदस्यों ने साथ दिया। यही कारण है गांव से निकलकर क्रिकेट खेल में आगे निकल पाया।
5. अधिक क्रिकेट कहां खेलना पसंद करते हो?
किला परीक्षितगढ़ में स्कूल के मैदान पर आज भी दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलना पसंद करता हूं। सभी दोस्त मेरे गांव लौटने का इंतजार करते हैं। जिसका मुझे भी बेसब्री से इंतजार रहता है। क्रिकेट के दौरान आसपास के लोग भी मैच देखने आते हैं।
वर्ल्डकप लाये तो सीना होगा चौड़ा
पिता नरेश गर्ग ने कहा टीम की कप्तानी मिली है अच्छी बात है। अब अंडर-19 वर्ल्डकप देश को दिलाये तो सीना चौड़ा होगा। पांच बहन भाइयों में सबसे छोटे प्रियम पर गांव के लोग भी भरोसा करते हैं। उन्हें पहले से ही उम्मीद है कि प्रियम एक दिन टीम इंडिया में जरूर जाएगा। बहन पूजा गर्ग, ज्योति गर्ग, रेशु गर्ग व भाई शिवम गर्ग ने प्रियम के कप्तान बनने पर खुशी जताई।