सहारनपुर में शुक्रवार को दिन निकलते ही दुख, मातम और कोहराम का मंजर था। यहां एक तरफ अलग अलग गांव में लोगों के जहरीली शराब के कारण मरने की खबर मिल रही थी वहीं दूसरी ओर लगातार लोगों की शराब पीने से हालत खराब हो रही थी। मृतकों के परिजनों में जहां कोहराम मचा था वहीं कुछ के परिजन अपनों की जिंदगी के लिए दुआ कर रहे थे। आपको बता दें कि यहां अलग अलग गांवों में तकरीबन 18 लोग जहरीली शराब पीने से मौत के मुहं में जा चुके हैं।
आगे तस्वीरों में देखें दिल दहला देने वाली इन मौतों का मंजर: -
सहारनपुर में जहरीली शराब पीने से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 18 लोगों की मौत हो गई है। वहीं तकरीबन दस से भी ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौत से इलाके में हडकंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि सभी लोगों की मौत शराब पीने के कारण हुई है। लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है वहीं मृतकों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच पड़ताल की।
पुलिस के मुताबिक जहरीली शराब होने की वजह से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। लगातार हो रही मौत की सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी दिनेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से इस मामले में जानकारी ली।
सहारनपुर में नागल क्षेत्र के गांव ओमाही में शराब के सेवन से मरने वालों में 48 वर्षीय इमरान, 32 वर्षीय पिंटू व 32 वर्षीय कमरपाल और 30 वर्षीय अरविंद बताए जा रहे हैं। वहीं जहरीली शराब पीने से जिले के दस से भी ज्यादा लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।