मेरठ के शास्त्रीनगर में साहिल होटल के बाद अब लालकुर्ती स्थित नैय्यर पैलेस के बैंक्वेट हॉल (विवाह मंडप) में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। मंडप के एक कमरे में सोमवार को पुलिस ने छापा मारकर एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मंडप का मालिक सिपाही को धक्का देकर भाग निकला। पुलिस ने बैंक्वेट हॉल को सीज कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बैंक्वेट हॉल में चलता मिला सेक्स रैकेट, आपत्तिजनक हालत में मिले महिला और युवक, तस्वीरें
लालकुर्ती स्थित नैय्यर पैलेस के कमरों में देह व्यापार होने की सूचना मुखबिर ने एसएसपी अजय साहनी को दी थी। एसएसपी ने सीओ कैंट संजीव देशवाल को कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ के नेतृत्व में हुई छापामारी में मंडप के एक कमरे में एक महिला और दो युवक आकिल व दिलशाद निवासी कोतवाली आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
इनसे पूछताछ में सामने आया कि सेक्स रैकेट को मंडप का प्रबंधक अहद निवासी मवाना और सुपरवाइजर नरेंद्र कुमार निवासी टीपीनगर चलाते हैं, जिसके बाद इन दोनों को भी पुलिस ने दबोच लिया।
सीओ ने बताया कि मंडप मालिक बलवीर सिंह निवासी डिफेंस कॉलोनी गंगानगर भी मंडप पर मौजूद था। लेकिन वह सिपाही को धक्का देकर भाग निकला। इस दौरान आसपास के व्यापारियों की भीड़ इकट्ठा होते देख पुलिस महिला सहित पांचों आरोपियों को थाना एएचटीयू ले गई। जहां इनके खिलाफ पुलिस की तरफ से देह व्यापार का मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने बलबीर सिंह को भी मुकदमे में नामजद किया है।
सीज किया बैंक्वेट हॉल
नैय्यर पैलेस के बैंक्वेट हॉल में सेक्स रैकेट चलता मिला है। जहां से एक महिला और चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मुकदमा दर्ज कर बैंक्वेट हॉल सीज किया गया है। - अजय साहनी, एसएसपी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/