मेरठ से सटे सरधना के खेडा गांव निवासी श्रीपाल उर्फ काले को एक बार फिर डीजे पर डांस करने की ऐसी सनक चढ़ी कि उसने बुधवार सुबह दोनों हाथों में तमंचों से फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस बार उसकी इस करतूत की वीडियो वायरल हो गई, जिसमें वह दोनों हाथों में तमंचे लेकर डिस्को कर रहा है। यह पहला मौका नहीं है। चार साल पहले भी वह प्रधान पति और पुलिस पर गोली चला चुका हैं। उसे काफी मशक्कत के बाद पकड़ा गया था।
डीजे पर डांस की सनक: चार साल पहले सिरफिरे ने प्रधानपति पर चला दी थी गोली, अब सरेआम की फायरिंग
- सरधना में सिरफिरे द्वारा तमंचों से फायरिंग का मामला
- चार साल पहले डीजे न बजवाने पर प्रधानपति पर चला दी थी गोली
- अब दोनों हाथों में तमंचों से फायरिंग का वीडियो हुआ वायरल
पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि श्रीपाल खेती करता है। हालांकि कभी किसी से झगड़ा नहीं करता और अपने काम पर ध्यान देता है। लेकिन जब भी डीजे पर डांस करने की सनक उठती है तो किसी की नहीं सुनता। जब गांव में प्रधानी का चुनाव हुआ तो उसने प्रधानपति ओमबीर से जीत की खुशी में डीजे बजवाने को कहा। लेकिन प्रधानपति ने इससे इंकार कर दिया था। इस पर उसने प्रधानपति पर गोली चला दी थी।
प्रधान पति ने मकान में घुसकर जान बचाई थी। सिरफिरे श्रीपाल को पकड़ने पुलिस गांव पहुंची थी तो वह भाग खड़ा हुआ था। सरधना थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने फोर्स के साथ घेराबंदी कर उसे मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया था।
पुलिस पर गोली चलाकर भागा था
प्रधान पति ओमबीर ने बताया कि डीजे बजाने को लेकर श्रीपाल पुलिस पर भी वर्ष 2017 में फायरिंग कर चुका है। वह इस मामले में जेल भी गया था। कभी-कभी श्रीपाल को कुछ सनक उठती है, जोकि ऐसी हरकत करता है।
तुम्हारी ही गाड़ी है
दूसरा मामला खेडा पीएचसी के बाहर का है, जहां एक चिकित्सक की गाड़ी खड़ी थी। श्रीपाल ने गेट के आगे से गाड़ी न हटाने पर गोली मारने की धमकी दे दी थी। जब चिकित्सक ने उसकी ही गाड़ी बताई तब वह शांत होकर वहां से चला गया था।
कोई बड़ी घटना कर देता तो कौन होता जिम्मेदार
मेरठ। सिरफिरे श्रीपाल को पुलिस मानसिक रूप से कमजोर बता रही है। लेकिन उसके पास दो तमंचे और काफी संख्या में कारतूस कहां से आए, इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं। बड़ा सवाल यह भी है कि सिरफिरा कोई बड़ी घटना कर देता तो इसका जिम्मेदार कौन होता। पुलिस अधिकारियों ने उसकी लाइव वीडियो देखी, जिसमें वह दोनों हाथों में तमंचे लहराकर फायरिंग भी कर रहा है।
सरधना में तमंचे कहां से सप्लाई हो रहे हैं। जो श्रीपाल जैसे व्यक्ति को भी आसानी से मिल रहे हैं। इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने बताया कि गांव के ही एक युवक से उसने तमंचे खरीदे थे। पुलिस ने उक्त युवक के यहां पर भी दबिश दी, लेकिन वह घर से फरार मिला। अब पुलिस इस मामले में लीपापोती करने में जुटी हुई है।
कहीं कानपुर प्रकरण न हो जाए
मकान की तीसरी मंजिल पर चढ़कर दोनों हाथों से गोलियां चलाने का वीडियो जब पुलिस के आला अधिकारियों के पास पहुंचा तो उन्होंने तुरंत एसएसपी अजय साहनी को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। अफसरों को शुरुआत में लगा कि कहीं ये सिरफिरा कानपुर की तरफ पुलिस फोर्स पर फायरिंग न कर दे।
एसएसपी के मौके से पहुंचने से पहले ही सीओ सरधना जितेंद्र सरगम ने मुठभेड़ के बाद आरोपी श्रीपाल को दबोच लिया। श्रीपाल के पैर में गोली लगी। जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों को राहत मिली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के दोनों हाथों में तमंचे थे और वह बार-बार डांस करते हुए गोली मारने की धमकी दे रहा था। जिससे दहशत का माहौल बन गया था।