श्रावण मास में हर-हर महादेव, बोल बम, बम-बम और जय शंकर के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। पंचक काल खत्म होने के बाद गुरुवार को जल भरने और शिवालयों की ओर लौटने का कांवड़ियों का सिलसिला तेज हो गया। आगामी दिनों में शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ेगी, इसको लेकर पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।
कांवड़ यात्रा 2019: आज से उमड़ेगा सैलाब, एक करोड़ 41 लाख कांवड़ियों ने हरिद्वार से उठाया गंगाजल
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह 10 बजे तक एक करोड़ 41 लाख कांवड़ियों ने हरिद्वार से गंगाजल उठाया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से हरिद्वार प्रशासन के अनुसार शुक्रवार से दिल्ली देहरादून हाइवे एनएच 58 को पूरी तरह बन्द करने की है तैयारी। उधर मुजफ्फरनगर की सीमा में भी भारी संख्या में कांवड़ियों का पहुंचना शुरू हो चुका है।
सहारनपुर में कांवड़ मार्ग पर अंबाला हाईवे स्थित शाहजहांपुर पुलिस चेक पोस्ट से लेकर देहरादून रोड स्थित गागलहेड़ी तिराहे तक इन दिनों वातावरण शिवमय बना है। जगह-जगह कांवड़ शिविर लगे हुए हैं और जल लेकर कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर से तेजी बढ़ रहे हैं।
बुधवार को भी उमस भरी गर्मी रही, लेकिन गर्मी की परवाह किए बगैर कांवड़िए शिवालयों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। अभी तक पंचक काल लगा होने की वजह से कांविड़यों की संख्या कम थी। क्योंकि, पंचक काल में जल भरना कांवड़िए शुभ नहीं मानते हैं।
बुधवार की दोपहर 3:42 बजे बजे पंचक काल खत्म हो गया है। इसके बाद जल भरने का सिलसिला भी तेज होगा। इसके साथ ही आगामी दिनों में कांवड़ियों की संख्या हजारों में नजर आने लगेगी। क्योंकि जिन कांवड़ियों ने पंचक काल के बाद जल भरा है, वह अगले दो दिनों में जल लेकर लौटते नजर आएंगे। उधर, कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट हो गया है, जिसके मद्देनजर चौकसी बढ़ा दी गई है।