कठुआ केस: विशाल जंगोत्रा की बेगुनाही साबित करने में महिला ने निभाई अहम भूमिका, पढ़ें कब क्या हुआ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कठुआ दुष्कर्म मामले में विशाल जंगोत्रा पर जम्मू एसआईटी आरोप सबित नहीं कर पाई और इसमें मुख्य भूमिका निभाई विशाल की मकानमालिक सुमन ने जिनके यहां पर वह किराए पर रह रहा था। सुमन का कहना है कि वह पहले से ही कह रही थी कि वह निर्दोष था। उसे एसआइटी ने केस में झूठा फंसाया है।
उसने जो फोटो कोर्ट में पेश किए, उन्हें एसआईटी वाले उसके मोबाइल से डिलीट कर चुके थे, मगर व्हाट्सअप की गैलरी में एक फोटो मिल गया, जो कोर्ट में पेश किया। साथ ही उन बैंकों के फुटेज भी कोर्ट में दी, जहां पर विशाल रुपये निकालने के लिए एटीएम में गया था।
पुरानी सब्जी मंडी निवासी सुमन शर्मा विद्यार्थियों को कमरे किराए पर देती है, इसी से ही वह परिवार का भरण पोषण करती है। सुमन ने बताया कि वर्ष 2017 में आकांक्षा कॉलेज में बीएससी कृषि प्रथम वर्ष में एडमिशन के बाद विशाल अपने दोस्तों के साथ यहां आया था। उसने ऊपर कमरा किराये पर लिया था। कठुआ की घटना के दौरान 10 जनवरी से 16 जनवरी तक विशाल यहां पर था। इस दौरान उसने खतौली में केके जैन डिग्री कॉलेज में परीक्षा भी दी थी।
इस अवधि में 13 जनवरी को लोहड़ी पर्व तथा 14 जनवरी को मेरा और 16 जनवरी 2018 को पौत्री आस्था का जन्मदिन मनाया गया। इन समारोहों में विशाल शामिल रहा, जिसके फोटो मेरे मोबाइल फोन में थे। कठुआ कांड के बाद 17 मार्च 2018 को जम्मू एसआईटी उसे यहां गिरफ्तार करने पहुंची थी। विशाल को पकड़ने पर उसने उसे निर्दोष बताते हुए मोबाइल फोन की फोटो एसआईटी के इंस्पेक्टर अशफाक बानी को दिखाए थे, जिस पर उसने मोबाइल लेकर फोटो डिलीट कर दिए थे, मगर एक फोटो व्हाट्सअप की गैलरी में बच गया था।
सुमन का कहना है कि एसआईटी वाले उसका बयान उर्दू में लिख कर ले गए थे। साथ ही जब भी एसआईटी वाले आए, तो उन्होंने धमकी दी थी कि वह बयान देने के लिए कोर्ट में नहीं आए। इसी बीच एक टीवी चैनल की पत्रकार ने सुमन से संपर्क किया। सुमन ने उसे बताया कि घटना की अवधि के दौरान कमरे का किराया देने के लिए विशाल मीरापुर के एसबीआई और कारपोरेशन बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गया था।
इसके बाद बैंक से उसकी फुटेज निकलवाई गई। कोर्ट से समन आने पर सुमन शर्मा पिछले माह बयान देने पठानकोट गई। वहां 13 और 14 मई को उसने कोर्ट के समक्ष अपने बयान दिए तथा मोबाइल की फोटो और बैंक की फुटेज भी कोर्ट में प्रस्तुत की। उसके बयान की वीडियोग्राफी कराई गई। सुमन के बयान और प्रस्तुत किए गए साक्ष्य भी विशाल की बेगुनाही में अहम रहे।
एसआईटी ने कालेज में साक्ष्य जुटाने को घंटों जांच की थी
जम्मू के कठुआ कांड में गिरफ्तार किए गए छात्र विशाल जंगोत्रा द्वारा खतौली में खुद परीक्षा देने या न देने को लेकर एसआईटी टीम ने कालेज में पहुंचकर दो दिन तक जांच की थी। परीक्षाएं विशाल ने दी या किसी डमी छात्र से दिलवाई गई, इसके लिए टीम द्वारा उस कक्ष नंबर 6 को भी खुलवाकर जांच की थी। उस कक्ष में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। कालेज में निगरानी को लगे 11 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को चेक किया गया।
एसआईटी टीम ने चार बार कालेज में जांच पड़ताल करके साक्ष्य जुटाए और उपस्थिति पंजिका को भी अपने साथ ले गई थी। केके जैन डिग्री कालेज में 10 जनवरी 2018, व 12, 15, 17, 19, 24, 27, 29 व 30 जनवरी को विशाल जंगोत्रा ने परीक्षाएं दीं। एसआईटी टीम ने परीक्षाओं के दौरान तत्कालीन प्राचार्य डा. अरविंद कुमार के अलावा कक्ष निरीक्षकों से भी पूछताछ की थी।