मेरठ के लिसाड़ी गेट के समर गार्डन में सोमवार को विस्फोट में महिला की मौत का मामला ठंडा हुआ नहीं कि मंगलवार को पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखों का जखीरा पकड़ा है। पुलिस के अनुसार यह जखीरा इंतजार अली के रिश्तेदार के घर से बरामद हुआ है। यहां तहखाने में प्लास्टिक के बोरों में पटाखे और वॉटर टैंक में बारूद मिला है। समर गार्डन में इंतजार अली के घर में ही सोमवार को विस्फोट हुआ था। लिसाड़ी गेट पुलिस मामले की छानबीन करने में लगी हुई है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि सोमवार को पटाखों के जखीरे में ही विस्फोट हुआ था। काफी मात्रा में बागपत से पटाखों का जखीरा आया था।
Meerut: लिसाड़ी गेट में मकान से पटाखों का जखीरा बरामद, तहखाने में मिला बारूद, धमाके से दहला था इलाका
लिसाड़ी गेट निवासी इंतजार के मकान में सोमवार को पटाखे व आतिशाबजी के सामान में आग लगने से धमाका हुआ, जिसमें तीन मकानों के लिंटर गिर गए और परिवार दब गए। इसमें एक महिला समेत दो की मौत हो गई व 11 लोग घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लिंटर के नीचे दबी थी कई जिंदगियां
लिंटर के नीचे दबे इंतजार के परिवार के लोग बचाओ-बचाओ चिल्ला रहे थे। स्थानीय लोग पार्षद पति महताब आलम, नवाब, बदर अली, अनस चौधरी, शाहिद अब्बासी और कुंवर रईस आदि लिंटर को उठाकर परिवार को निकालने में जुट गए। लिसाड़ी गेट थाने की पुलिस पहुंची और जेसीबी मंगवाई। विस्फोट के बाद परिवार लिंटर के नीचे दबा है, इसकी जानकारी लगने पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
लिंटर को धकेला गया और एक-एक करके बच्चे, महिला समेत नौ लोगों को लिंटर के नीचे से निकाला। जो भी लिंटर से निकाला गया, वह बाहर आते ही बेहोश हो रहा था। शमीमा ने तो बाहर निकलते ही दम तोड़ दिया। आठ का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि मकान में अंदर आतिशबाजी का सामान बनाने का काम चल रहा था। आतिशबाजी की सामग्री भी मौके से मिली है। देर रात पुलिस ने एनडीआरएफ, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। विस्फोट में घायल सुहेल और आर्यन की हालत नाजुक है। सुहेल को दिल्ली रेफर किया गया है।
नशरा और जिकरा को सिपाहियों ने सकुशल निकाला
फायरब्रिगेड के तीन सिपाही अमित, नितिन व प्रवीण ने लिंटर के नीचे दबे परिवार को बचाने के लिए हिम्मत दिखाई। जान की परवाह किए बगैर लिंटर के नीचे से लोगों को निकालने में जुट गए। मासूम नशरा और जिकरा को उन्होंने सकुशल निकाला। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तीनों पुलिसकर्मियों की बहादुरी के बारे में डीएम और एसएसपी को बताया। दोनों अधिकारियों ने तीनों पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही है।
बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने बरसाई लाठियां
विस्फोट के बाद बेकाबू भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठियां भी फटकारनी पड़ीं। कुछ लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर लिंटर उठवाने में मदद की। इसके अलावा कुछ लोग हंगामा करने लगे। एसपी सिटी और सीओ कोतवाली ने माइक से लोगों से अपील की।
पुलिस बार-बार लोगों से कह रही थी कि राहत कार्य करने वाले कर्मचारी और उनकी गाड़ियों को आने दें। उनकी वजह से देरी हो रही है। समर गार्डन में मुख्य मार्ग पर लोगों की ज्यादा संख्या होने के चलते जाम लग गया है। पुलिस ने लाठियां फटकार लोगों को तितर-बितर किया।