पश्चिमी यूपी में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं प्रेम प्रसंग तो कहीं घर में घुसकर युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मुजफ्फरनगर और बागपत जनपद में तीन हत्याएं हुईं। आगे जानिए पूरा अपडेट-
प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की बेरहमी से हत्या, दर्दनाक है पश्चिमी यूपी की ये तीन वारदात, तस्वीरें
केस - 1
प्रेमिका से मिलने गए युवक की गला दबाकर हत्या
मुजफ्फरनगर जनपद में छपार थाना क्षेत्र के गांव सिसौना में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीटने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। युवक का शव प्रेमिका के घर की छत पर मिला। युवक की मां ने युवती के पिता व भाइयों समेत सात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
छपार थाना क्षेत्र के गांव सिसौना निवासी राजन (23) पुत्र विनोद पड़ोसी ईश्वर के यहां ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। ईश्वर के घर आने-जाने के दौरान राजन का प्रेम प्रसंग उसकी बेटी से हो गया था। इसकी जानकारी दोनों परिवारों को भी थी। बृहस्पतिवार देर रात करीब तीन बजे राजन अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था, जहां उसे युवती के परिजनों ने देख लिया।
आरोप है कि युवती पक्ष ने राजन को पहले तो लाठी-डंडों से पीटा और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद राजन पर चोरी के इरादे से घर में घुसने का आरोप लगाते हुए शोर मचा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो राजन के परिजनों ने युवती पक्ष पर उसे घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया। मामले में राजन की मां रामबीरी ने युवती के पिता ईश्वर के अलावा विमल, रोहित, ललित व देशराज को नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने हत्यारोपी ईश्वर और देशराज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार हो गए।
सीओ सदर कुलदीप सिंह ने बताया कि युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था, जहां युवती के परिजनों ने उसे देख लिया और पीटने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को तलाशा जा रहा है। दोनों पक्ष एक ही जाति के है।
केस - 2
घर में सो रहे युवक की हत्या
बागपत जनपद के बड़ौत में कोतवाली क्षेत्र के बड़ौली गांव में घर में सो रहे एक युवक की बाइक सवार तीन युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर एसपी अजय कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की।
उधर, युवक की हत्या से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक विकास उर्फ नीटू (35) पुत्र नरसिंह दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। लॉकडाउन के चलते गांव में ही आया हुआ था। शुक्रवार की रात वह अपने मकान से थोड़ी दूर एक अन्य मकान में सोया हुआ था। इसी दौरान बाइक पर तीन युवक आए और उसकी गोली मार कर हत्या कर दी।