कोविड-19 से बचाव में अहम भूमिका निभा रही टेस्टिंग किट के निर्माण में मेरठ का योगदान जुड़ चुका है। कोविड-19 की टेस्टिंग किट की डाई के लिए मेरठ से 2400 किलो ईडीएम वायर की सप्लाई हो रही है। मेरठ का माहेश्वरी वायर्स जमशेदपुर और भुवनेश्वर टूल रूम को अपने यहां बना ईडीएम वायर सप्लाई कर रहा है। कंपनी को इसके लिए 2400 किलो वायर का ऑर्डर प्राप्त हुआ है जिसकी पूर्ति लगातार जारी है।
कोरोना जांच किट में मेरठ का अहम योगदान, डाई के लिए ईडीएम वायर की डीआरडीओ तक हो रही सप्लाई
मोहकमपुर स्थित माहेश्वरी वायर्स के संचालक मनोज माहेश्वरी ने बताया यह सौभाग्य है कि हमें कोविड-19 की टेस्टिंग किट की डाई के एक कॉम्पोनेंट के रूप में अपने वायर को भेजने का मौका मिला है। इस टेस्टिंग किट को बनाने से पहले उसकी डाई बनती है। इस डाई के लिए सीएनसी वायर कटिंग मशीन यूज होती है उसमें हमारा वायर लग रहा है।
कम्पनी डीआरडीओ, एचएएल, पीपीडीसी, एमएसएमई, मिसाईल के राऊटर बनाने वाली हैदराबाद की कम्पनी एमटीएआर को भी वायर सप्लाई करती है। देश की सभी आयुध निर्माणी फ़ेक्टरी के लिए हम ईडीएम वायर भेजते हैं। इसरो के लिए वायर बनाने वाली कंपनियों को भी कम्पनी कच्चा माल देती है। अब कोविड-19 की टेस्टिंग किट की डाई में प्रयोग होने वाली सीएनसी वायर कटिंग मशीन के लिए वायर भी भेज रहे हैं।
चाइना की किट में खराबी के बाद भारत मे बनी किट
चाइना की जांच किट में खराबी मिलने पर आईसीएमआर ने देश मे ही कोविड-19 जांच किट बनाने का फैसला किया। किट निर्माण सम्बन्धी विभिन्न जिम्मेदारी भुवनेश्वर, हैदराबाद व जमशेदपुर सहित अन्य टूल रूम को दी गई। माहेश्वरी वायर्स इन्हीं टूल रूम को किट की डाई के लिए ईडीएम वायर्स देता है।
क्या है ईडीएम वायर
ईडीएम वायर (इलेक्ट्रिकल डिस्चार्ज मशीन वायर्स) जो धातु काटने में इस्तेमाल होते हैं। वर्तमान में कोई भी धातु हो उसे कितना भी मोटा या बारीक काटना हो ईडीएम वायर प्रयोग होता है। लेथ (खराद) मशीन के स्थान पर अब छोटे कल पुर्जे से लेकर जहाज, मिसाइल को बनाने के लिए धातु काटने का काम ईडीएम वायर से होता है।