मेरठ में आशीष गुर्जर हत्याकांड की जांच कर रही कंकरखेड़ा पुलिस ने इस मामले में नया खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार हत्यारों ने आशीष को इस तरह टारगेट किया था कि उसका बचना नामुमकिन था। इस केस में जहां चार आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है वहीं हत्याकांड को लेकर हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। आगे जानिए पुलिस के मुताबिक आखिर उस रात क्या हुआ था: -
आशीष हत्याकांड: पुलिस ने किया खुलासा, जिधर से भी निकलता मौत घेर लेती, जानें हत्या के दिन क्या हुआ
पुलिस का कहना है कि हत्यारों ने आशीष की हत्या के लिए ऐसा वक्त चुना था जिस वक्त उसे कोई सहायता न मिल सके। वहीं पुलिस के मुताबिक आरोपियों को इस बात की जानकारी भी थी कि आशीष के पास कोई हथियार नहीं है और वह इस हालत में है कि भाग भी नहीं सकता। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने सिर्फ आशीष को ही टारगेट बनाकर मारा, गोली चलते ही उसके साथी वहां से भाग गए थे।
शुक्रवार को कंकरखेड़ा पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि हत्या वाले दिन आशीष अपने दोस्तों के साथ खेत पर गया था। दोस्तों ने बताया कि जेल में बंद कपिल का बर्थडे है। इसके बाद सभी ने खेत में ही कपिल की बर्थडे की पार्टी रखी। पार्टी में आशीष को नशीला पदार्थ पिलाया गया।
नशीला पदार्थ दिया जाने के कारण आशीष भागने की स्थिति में नहीं था। उसी दौरान हथियारों से लैस होकर आरोपी वहां पहुंचे। आरोपियों ने आशीष को घेर लिया और फायरिंग कर दी जिससे आशीष की मौत हो गई, जबकि उसके बाकी दोस्त वहां से फरार हो गए। आशीष के दोस्तों के मुताबिक वह बहुत बहादुर था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आशीष के हत्यारोपियों ने बीयर की दुकान से आशीष का पीछा किया था। मुख्य हत्यारोपी प्रशांत पारिया ने इस मर्डर की रूपरेखा तैयार की थी। इस मर्डर के लिए आरोपियों ने शार्प शूटर हायर किए थे जिन्हें शहर के कई स्थानों पर लगाया गया था। आरोपियों ने आशीष को इस तरह टारगेट किया था कि वह जिधर से भी निकलता मौत तय थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/