समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद रामगोपाल यादव ने विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के चुनाव के तहत रविवार को इटावा के जसवंत नगर में मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि आज मतदान समाप्त होने के बाद सपा 150 सीटों का आंकड़ा पूरा कर लेगी। सपा से गठबंधन के तहत प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव यहां से प्रत्याशी हैं।
UP Chunav 2022: कई साल बाद छोटे भाई शिवपाल के साथ दिखे सपा महासचिव रामगोपाल यादव, बोले- आज पार हो जाएगा 150 सीटों का आंकड़ा
उन्होंने कहा कि करहल में अखिलेश यादव एकतरफा जीत हासिल करेंगे। भाजपा अगर अपनी जमानत भी बचा लेती है तो यही उसकी जीत होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला करते हुए सपा महासचिव ने कहा कि योगी जानते हैं कि उन्हें सिर्फ 20 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं वहीं समाजवादी पार्टी को 80 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, ''सीएम योगी जानते हैं कि उन्हें सिर्फ 20 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं जबकि समाजवादी पार्टी को 80 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं। योगी आदित्यनाथ के शासन का अंत समय आ गया है।''
यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के चुनाव के तहत 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान जारी है। इसमें 627 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस दौरान 15,557 मतदान केंद्रों पर 25,794 बूथों पर लगभग 2.16 करोड़ मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे।
आज जिन सीटों पर सभी की नजर रहेगी, उनमें करहल विधानसभा भी होगी होगी, जहां सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं दूसरी सीट जसवंत नगर होगी, जहां सपा प्रमुख के चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव उम्मीदवार हैं। मतगणना 10 मार्च को होगी। करहल सीट पर भाजपा के प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल हैं।
आज अपने चुनाव के बाद पूर्वांचल की जिम्मेदारी संभालेंगे शिवपाल
प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव शनिवार रात से तीसरे चरण की कमान संभाले हुए हैं। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने रात में शिवपाल से बात की। इसके बाद शिवपाल ने फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया आदि जिलों में पार्टी से नाराज चल रहे वरिष्ठ नेताओं से बात की। और सभी से एकजुट होकर मतदान कराने की अपील की। सूत्रों का यह भी कहना है कि आज अपने क्षेत्र में चुनाव कराने के बाद वह पूर्वांचल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के चुनाव में स्पष्ट हो गया है कि अखिलेश यादव 2022 में मुख्यमंत्री बनेंगे और इसे कोई नहीं रोक सकता। 300 से ज्यादा सीटें जीतने के साथ ही प्रचंड बहुमत से सपा सरकार बनेगी। शिवपाल सिंह यादव ने रविवार सुबह एक तस्वीर भी ट्वीट की, जिसमें वे मुलायम सिंह यादव से आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं।