अमर उजाला की तरफ से महिलाओं के सम्मान में चलाई जा रही विशेष खबरों के क्रम में आज हम आपको रूबरू कराएंगे फिटनेस मॉडलिंग में अपना भविष्य बनाने वाली कानपुर की प्राची दीक्षित से। जिन्होंने न केवल अपना घर छोड़ा बल्कि अपनी ज्वैलरी तक बेच दी।
बीते एक वर्ष पूर्व फिटनेस मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखने वाली प्राची का सफर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। फूलबाग निवासी अनिल कुमार दीक्षित की पुत्री प्राची दीक्षित सोशल मीडिया पर फिटनेेस मॉडल को देख कर काफी प्रभावित हुई।
प्राची ने बताया कि मुझे भी सिक्स पैक बनाने का मन किया। घरवालों ने इसके लिए मना कर दिया। मैंने पढ़ाई का बहाना कर छत्तीसगढ़ में फिटनेस की ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी। प्राची ने बताया कि घर से हर माह दस हजार रुपये मिलते थे। इतने में डाइट पूरी नहीं हो पाती थी।
इसके चलते मैंने अपनी सोने की अंगूठी, चेन और झुमके बेचकर तैयारी की और पहली बार चार मार्च 2018 को मेरठ में आयोजित हुई मिस यूपी चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया।
इसके बाद जून 2018 में कानपुर में हुई बॉडी पावर चैंपियनशिप में ओवर ऑल चैंपियन का खिताब जीता। अगस्त 2018 में पुणे में हुई अंतरराष्ट्रीय स्तर की एशियन चैंपियनशिप में चौथा स्थान हासिल किया।