पूर्व केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आक्रमक तेवर को आगे बढ़ाते हुए केंद्र व मप्र सरकार पर तीखा हमला किया। सिंधिया ने कहा कि यह जीएसटी रूपी गब्बर सिंह टैक्स दिनदहाड़े देश में परेशानी खड़ा कर रहा है और इस दानव को पकड़ने वाला कोई नहीं है। बचपन में सुनते थे कि डाकू गब्बर सिंह से सब डरते थे जिसे प्रशासन ने मिलकर मार गिराया लेकिन इस टैक्स रूपी दानव से सबको बचाना है।
धर्मनगरी चित्रकूट में सभा के दौरान कुछ भाजपा नेताओं की तुलना कौरव की सेना से करते हुए सिंधिया ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश सरकार ने मंदसौर में आधा दर्जन किसानों की गोली मारकर हत्या करा दी इसके बाद अब केंद्र सरकार नोटबंदी व जीएसटी नामक दो गोली चलाकर किसान व हर वर्ग को मौत के पास पहुंचा दिया है। जीएसटी नामक गब्बर सिंह टैक्स पूरे देश में बेखौफी से घूम रहा है जो आमजनमानस को डरा धमका रहा है।
धर्मनगरी में हो रहे विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कुछ दिनों में यहां भाजपा के नेता कौरव की सेना के शक्ल में आकर झूठ बोलेंगे, आमजनमानस को बरगलाएंगे लेकिन जनता जानकार है। वह सब समझ चुकी है। झूठे वायदे कर भाजपा ने सबसे ज्यादा किसान व गरीब वर्ग को ही परेशान किया है। जीएसटी व नोटबंदी नामक दो गोली केंद्र सरकार ने चलाकर हर वर्ग को मौत के करीब पहुंचा दिया है। किसान के अलावा व्यापारी बेहद परेशान है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि मप्र सरकार किसानों का कत्ल करने वाली है। मंदसौर में आधा दर्जन किसानों पर गोली चलाकर मौत के घाट उतार चुकी है। अब किसान ही इसे जड़ से उखाड़ फेंकेगे। भाजपा सरकार अन्नदाता का सम्मान नहीं करती है। कांग्रेस विकास व समृद्धि को आधार बनाकर सबको हक दिलाने को काम करेगी।