यूपी के कानपुर में एक युवक ने कार चालक से कहा साहब, आपकी कार के इंजन से मोबिल ऑयल टपक रहा है। यह सुनते ही चालक चाैक गया। उसने थाेड़ा अागे जाकर कार राेकी अाैर इंजन चेक करने के लिए नीचे उतरा फिर कुछ एेसा हुअा जिसका किसी काे अंदेशा नहीं था।
आजाद नगर, नवाबगंज निवासी प्रवीन कुमार लोक निर्माण विभाग और मौरंग की ठेकेदारी करते हैं। चौडगरा, फतेहपुर में उनका पेट्रोल पंप भी है। प्रवीन ने बताया कि शराब ठेके के लिए आवेदन किया है। इसके लिए वह पंजाब नेशनल बैंक की लाजपत नगर शाखा में 10 लाख रुपये अपने खाते में जमा करने आ रहे था। इस रकम को आबकारी विभाग के खाते में ऑनलाइन जमा करना था।
प्रवीन के मुताबिक लाजपत नगर स्थित मरियमपुर स्कूल के पास बाइक पर सवार युवकों ने कहा कि कार के इंजन से मोबिल आयल टपक रहा है। इस पर चालक राजेश ने कार खड़ी कर दी। दोनों इंजन को चेक कर रहे थे कि शातिरों ने पीछे की सीट पर रखा ब्रीफकेस पार कर दिया। बकौल प्रवीन ब्रीफकेस में दो हजार के नोट की पांच गड्डियां, बैंक और अन्य जरूरी कागजात रखे थे।
शातिर ब्रीफकेस से रुपये निकालने के बाद उसे कालपी रोड, फजलगंज स्थित सीएनजी पंप के सामने फेंक कर भाग निकले। इस पर ब्रीफकेस में बम की अफवाह से हड़कंप मच गया। बम निरोधी दस्ता बुलाकर जांच कराई गई, तो ब्रीफकेस में कागजात मिले। इन पर प्रवीन का नाम और मोबाइल नंबर लिखा होने पर उनको सूचना दी गई। तब वह नजीराबाद थाने में ही थे।