कानपुर में जाजमऊ सिद्धनाथ मंदिर रोड स्थित एक टेनरी पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के दो सदस्य और उनके समर्थक आमने सामने आ गए। पुलिस के सामने जमकर लाठियां चली और पथराव हुआ। दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। जिसमें से एक गाड़ी को मौके पर पलटा दिया गया। रात में भारी संख्या में पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात कर दिया गया है। मौके पर आरआरएफ (रेपिड रिस्पांस फोर्स) को भी तैनात किया गया। देर रात डीसीपी ईस्ट ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
टेनरी विवाद: दोनों पक्षों में जमकर चले पत्थर, सपा-भाजपा समर्थकों के पहुंचने के बाद बढ़ा बवाल, दस लोग हुए घायल
इस दौरान उपद्रवियों ने राहगीरों की भी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। जिन्हें पुलिस ने क्त्रस्ेन की मदद से हटाया। बवाल की सूचना पर एडीसीपी पूर्वी राहुल मिठास ,एसीपी कैंट एम शेखर पाठक, चकेरी इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह और जाजमऊ थाना प्रभारी पवन कुमार समेत कई थानों व आरएएफ पर पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने टेनरी में पुलिस ने अपना ताला लगा दिया। घटना के बाद टेनरी मालिक की पत्नी शहनाज जहां ने तहरीर दी है। महिला पुलिस उन्हें सुरक्षा के लिहाज से अपने साथ ले गई।
इंस्पेक्टर चकेरी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक टेनरी मालिक नौशाद की मौत के बाद उनकी पत्नी शहनाज टेनरी देख रही थी। मगर उन्होंने अपने भतीजे मोहम्मद आमिर और मोहम्मद नासिर को टेनरी किराए पर चलाने के लिए दे दी थी। जब टेनरी का काम अच्छा चलना लगा तब शहनाज ने उसे अपने भाई और भांजों को टेनरी सौंपने का निर्णय लिया। इसपर उनके भतीजों को आपत्ति थी। लिहाजा दोनों का मामला हाईकोर्ट पहुंचा। जहां पर इसकी सुनवाई जारी है।
एक ही परिवार में टेनरी के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। उसी में इनकी आपस में मारपीट की घटना हुई है। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलने के साथ ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों के नाम पुलिस को दी गई तहरीर में नहीं आए और उनके घटना में शामिल होने के प्रमाण मिले तो उनके खिलाफ पुलिस खुद धारा 151 (शांति भंग) के तहत कार्रवाई करेगी। -प्रमोद कुमार, डीसीपी ईस्ट
सपा-भाजपा के समर्थकों के पहुंचने के बाद शुरू हो गया बवाल
जाजमऊ में टेनरी पर कब्जे को लेकर हुआ विवाद तो बुधवार दोपहर से ही शुरू हो गया था, लेकिन माहौल रात को तब और बिगड़ गया जब सपा और भाजपा के समर्थक पहुंच गए। दोनों पक्षों के समर्थकों ने एक-दूसरे को देखते ही मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते पथराव और तोड़फोड़ होने लगी।