जौनपुर जिले में एक के बाद एक घटित हो रही आपराधिक घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रही हैं। वारदात से नाराज ग्रामीणों ने जमकर बवाल किया। पुलिस के वाहन तोड़ दिए। इस दौरान एसआई समेत दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए।
यूपी के जौनपुर में ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या, तस्वीरों में देखें कैसे भड़का जनाक्रोश
सोंधी शाहगंज ब्लाक के मखमेलपुर गांव के निवर्तमान प्रधान राजकुमार यादव (50) मंगलवार को किसी काम से जौनपुर आए थे। अपराह्न में वह अपनी बाइक से वापस जा रहे थे। सरायख्वाजा थाने से थोड़ा आगे बढ़े कि पीछे से बाइक सवार बदमाशों ने पहले उनकी बाइक में टक्कर मारी। प्रधान के सड़क पर गिरते ही उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
राजकुमार के सिर, पेट व सीने में गोली लगी और उनकी वहीं मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को थाने ले जाने का प्रयास किया ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया। शव को उतारकर वाहन को पलट दिया और तोड़-फोड़ करने लगे। इसमें एसआई धर्मदेव सिंह व कांस्टेबल राहुल को चोटें आई।
सरायख्वाजा एसओ दिग्विजय सिंह भी पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उनके वाहन पर भी पथराव कर दिया। भीड़ का गुस्सा देखकर पुलिस ने वहां से भागकर खुद को बचाया। उधर कोईरीडीहा गांव के पास ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इधर से गुजरने वाले कई लोगों व वाहनों पर भी पत्थर चलाए।
बाद में डीएम मनीष कुमार वर्मा, एसपी राजकरन नय्यर, सीडीओ अनुपम शुक्ला भारी पुलिस व पीएसी बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मल्हनी विधायक लकी यादव, सपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव भी घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासन ने जाम खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण केस दर्ज होने के बाद ही वहां से हटने पर राजी हुए।
शाम करीब सात बजे मृतक के पुत्र अमित यादव की तहरीर पर पुलिस ने दो बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज किया। मुकदमे की प्रति मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।