Video: ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात कर्मी को 5 KM बोनट पर टांग भगाई कार, गाड़ी लेकर कांवड़ मार्ग में घुस गया था
आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और सार्वजनिक स्थान पर लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बरेली स्थित चौपुला चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड अजीत कुमार को कार के बोनट पर टांगकर पांच किलो मीटर तक घसीटने वाले चालक सुभाषनगर के करगैना निवासी दक्ष श्रीवास्तव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। टीएसआई गजेंद्र सिंह की ओर से आरोपी के खिलाफ कोतवाली में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, लापरवाही से वाहन चलाने और जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दक्ष के साथ कार में बैठे दूसरे साथी की पहचान शिवेंद्र यादव के रूप में हुई है।
कांवड़ियों के मार्ग में घुसा दी थी कार
शनिवार रात 11:30 बजे टीएसआई गजेंद्र सिंह के साथ होमगार्ड अजीत कुमार चौपुला पुल के पास ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान आई तेज रफ्तार कार ने रॉन्ग साइड से वन-वे रूट में घुसने की कोशिश की। मार्ग से काफी संख्या में कांवड़िये भी गुजर रहे थे। होमगार्ड अजीत ने कार को रोकने की कोशिश की तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। जान बचाने के लिए अजीत कार के बोनट पर चढ़ गए। इसके बावजूद चालक ने कार को नहीं रोकी। होमगार्ड को बोनट पर टांगकर कार दौड़ाता रहा। उसने होमगार्ड को जान से मारने की धमकी भी दी। इसकी सूचना वायरलेस पर प्रसारित की गई तो पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
ट्रेस कर चालक को किया गया गिरफ्तार
रात में ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के जरिये कार के नंबर को ट्रेस किया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली अमित पांडेय ने बताया कि सुभाषनगर थाना क्षेत्र के करगैना में सावित्री स्कूल के पास रहने वाले आरोपी कार चालक दक्ष श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि घटना के दौरान आरोपी और उसके साथ कार में बैठा शिवेंद्र यादव दोनों नशे में थे।
इन धाराओं में मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और सार्वजनिक स्थान पर लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। - आशुतोष शिवम, सीओ प्रथम