Mini Murder Case: कलाई पर राखी बंधवाकर कभी जिसे दिया था रक्षा का वचन, उसी बहन के बेरहमी से भाई ने हर लिए प्राण
मनीषा और उसके भाई मनीष उर्फ विवेक चौहान के नाम करीब चार करोड़ रुपये की प्रोपर्टी है। उस प्रॉपर्टी को तभी बेचा जा सकता था, जब कागजों पर दोनों के हस्ताक्षर होते। मनीष के बार-बार कहने के बाद भी मनीषा प्रॉपर्टी के कागजों पर हस्ताक्षर नहीं करती थी और प्रॉपर्टी बेचने का विरोध करती थी।
इसे लेकर मनीषा की भाई मनीष उर्फ विवेक ने अपनी पत्नी शिखा और पत्नी के प्रेमी पवन निवासी सिसाना के साथ मिलकर हत्या कर दी। जिसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए सूटकेस में बंद करके पवन बागपत पहुंचा और श्मशान घाट के पास जला दिया। लेकिन गांव वालों का आवागमन होने पर शव को अधजला छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये दोनों हत्यारोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। जबकि तीसरे आरोपी पवन की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एक घंटे के लिए गाड़ी मांगकर लाया था पवन
पुलिस के अनुसार हत्यारोपी शिखा का प्रेमी पवन का मनीषा के घर आना जाना हो गया था। जो शिखा का मौसेरा भाई बनकर उसकी ससुराल में करीब 15 दिन रहा था। मनीषा की हत्या की साजिश रची जाने के बाद पवन ने सोनीपत जिले के भैरा बांकीपुर गांव के एक रिश्तेदार की गाड़ी एक घंटे के लिए मांगी। बताया कि एक घंटा बीतने के बाद भी पवन गाड़ी लेकर नहीं आया और फिर पवन ने फोन बंद कर लिया। बाद में दो नवंबर की सुबह गाड़ी वापस लौटाई।
72 घंटे में खुलासा करने वाली टीम को इनाम मिला
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने सिसाना गांव के जंगल में युवती का शव जलाया जाने की घटना का खुलासा करने के लिए चार टीमों को लगाया था। जिसका 72 घंटे में खुलासा होने पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।